एमजे अकबर की पत्नी मल्लिका बोली – ‘पता नहीं पल्लवी झूठ क्‍यों बोल रही हैं’

Summary :

एमजे अकबर की पत्नी मल्लिका ने बताया कि वह नहीं जानतीं कि पल्लवी ये झूठ क्यों बोल रही हैं। उन्होंने कहा, मैं इस पूरे मीटू कैंपेन के दौरान चुप रही।

अमेरिका में रहने वाली भारतीय मूल की एक पत्रकार पल्लवी गोगोई के पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर शुक्रवार को बलात्कार का आरोप लगाया जिसके बाद अब उनकी पत्नी का बयान आया है। एमजे अकबर की पत्नी मल्लिका ने बताया कि वह नहीं जानतीं कि पल्लवी ये झूठ क्यों बोल रही हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं इस पूरे मीटू कैंपेन के दौरान चुप रही। मेरे पति पर काफी आरोप लगे। लेकिन वॉशिंगटन पोस्ट में पल्लवी गोगोई द्वारा लिखे लेख ने मुझे बोलने को मजबूर कर दिया।’

मल्लिका ने कहा ’20 साल पहले पल्लवी की वजह से एक समय हमारे घर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। पल्लवी और मेरे पति के रिश्ते की भनक मुझे उसके देर रात फोन आने और मेरे सामने ही मेरे पति के लिए प्यार दर्शाने की वजह से लगी।’

अकबर की पत्नी ने कहा, ‘पल्लवी के इस रिश्ते की वजह से मेरे पूरे परिवार को बहुत दुख सहन करना पड़ा। मेरे घर पर हुई एशियन ऐज की एक पार्टी में कई युवा पत्रकार मौजूद थे, वहां पर मैंने देखा कि वे दोनों बहुत करीब आकर डांस कर रहे हैं। जिसे देखकर मुझे बहुत दुख और पीड़ा हुई थी। इस रिश्ते को लेकर मेरा मेरे पति से कई बार विवाद भी हुआ, जिसके बाद उन्होंने अपने परिवार को तवज्जो देने को चुना। तुषिता पटेल और पल्लवी गोगोई अक्सर हमारे घर पर आकर ड्रिंक करती थीं और खाना खाती थीं। लेकिन पल्लवी के व्यवहार से कभी भी ऐसा नहीं लगा कि उसका यौन शोषण हुआ है। मुझे नहीं पता कि पल्लवी झूठ क्यों बोल रही है।’

दरअसल, अमेरिका में रहने वाली भारतीय मूल की पत्रकार पल्लवी गोगोई ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर बलात्कार करने का आरोप लगाया है। पल्लवी गोगोई नाम की ये पत्रकार नेशनल पब्लिक रेडियो (NPR) में चीफ बिजनेस रिपोर्टर हैं। उन्होंने ‘वॉशिंगटन पोस्ट’ अखबार में एक कॉलम में पूरी घटना का ज़िक्र किया है। हालांकि एमजे अकबर के वकील ने इन आरोपों को झूठा करार दिया है।

अब US में रहने वाली महिला पत्रकार ने लगाया अकबर पर रेप का आरोप

बता दें कि एमजे अकबर पर कई महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। आरोपों के बाद उन्हें मोदी कैबिनेट से इस्तीफा देना पड़ा था। मीटू कैंपेन के तहत यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर ने अपनी सफाई देने के बाद कानूनी रास्ता अपनाया है।

Desk Team