India Corona : 24 घंटे में 27 हज़ार नए केस, 347 और मरीजों की मौत

Summary :

भारत में एक दिन में कोरोना वायरस के 27,409 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 4,26,92,943 हुई तथा 347 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,09,358 हो गई।

देश में कोरोना महामारी के काले बादल छटने लगे हैं। यहां लगातार कोरोना वायरस के नए मामलों में गिरावट दर्ज हो रही है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 27 हज़ार के करीब नए मामले सामने आए है। इस दौरान 347 और मरीजों की कोविड-19 के चलते मौत हो गई। वहीं डेली पॉजिटिविटी रेट 2.23 प्रतिशत रहा।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत में एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के 27,409 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 4,26,92,943 हुई तथा 347 और लोगों की मौत होने के बाद मृतक संख्या बढ़कर 5,09,358 हो गई।
मंत्रालय ने बताया कि आज सामने आए 27,409 नए मामले कल सामने आए 34,113 केस से लगभग सात हज़ार कम है। इसके साथ ही देश में अब एक्टिव केस की संख्या पांच लाख से कम होकर 4,23,127 पर आ गई। इसके साथ ही पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 82,817 मरीजों के बाद अब तक 4,17,60,458 मरीज रिकवर कर चुके हैं।

दिल्ली में आज कोविड-19 के 586 नए मामले आए सामने, संक्रमण दर 1.37 फीसदी रही

उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ के पार और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए।

Desk Team