सेना दिवस पर PM मोदी ने देश के जवानों को दी बधाई, आर्मी चीफ नरवणे परेड की लेंगे सलामी

Summary :

भारतीय सेना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने देश के जांबाज वीर सैनिकों को बधाई दी। सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे भी आज राजधानी दिल्ली में कैंट स्थित करियप्पा ग्राउंड में परेड की सलामी लेंगे।

भारतीय सेना दिवस आज अपना 75वां स्थापना दिवस मना रही है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के जांबाज वीर सैनिकों को बधाई दी। सेना प्रमुख जनरल एम एम नरवणे भी आज राजधानी दिल्ली में कैंट स्थित करियप्पा ग्राउंड में परेड की सलामी लेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘‘भारतीय सेना के जवान दुर्गम इलाकों में सेवाएं देते हैं और राष्ट्रीय आपदा समेत मानवीय संकट के दौरान नागरिकों की मदद के लिए आगे रहते हैं। विदेशों में शांति अभियानों के दौरान सेना के शानदार योगदान पर भारत को गर्व है।’’


उन्होंने कहा, ‘‘खासकर साहसी जवानों, सम्मानीय सेवानिवृत्त सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों को सेना दिवस की शुभकामनाएं। भारतीय सेना को उसकी बहादुरी और पेशेवर रवैये के लिए जाना जाता है। राष्ट्रीय सुरक्षा में उसके अतुलनीय योगदान को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।’’

परेड में दिखेगी सेना की नई कॉम्बेट यूनिफार्म
करियप्पा ग्राउंड में होने वाली परेड में पहली बार भारतीय सैनिकों की नई कॉम्बेट यूनिफार्म की झलक देखने को मिलेगी। डिजिटल पैटर्न पर NFIT द्वारा तैयार की गई इस यूनिफार्म को ही सैनिक युद्ध के मैदान और ऑपरेशनल एरिया में पहना करेंगे।
क्यों 15 जनवरी को मनाया जाता है सेना दिवस
फील्ड मार्शल केएम करियप्पा के भारतीय सेना के पहले भारतीय कमांडर इन चीफ के रूप में कार्यभार संभालने की याद में हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है। करियप्पा ने 1949 में भारतीय सेना के अंतिम शीर्ष ब्रितानी कमांडर से यह पदभार ग्रहण किया था।

Desk Team