जागे हो? या…जब आधी रात को फोन कॉल पर PM मोदी ने विदेश मंत्री जयशंकर से पूछा सवाल

Summary :

सत्ता से जुड़े व्यक्तियों के जीवन में भी कई दिलचस्प किस्से या घटनाएं होती हैं। ऐसे ही हुआ देश के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ, जब उन्हें आधी रात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फोन कॉल आया।

राजनीति में बड़े पदों पर आसीन नेता या मंत्री को लेकर आम जनता की यही धारणा होती है कि वो एक गंभीर व्यक्तित्व वाले व्यक्ति होते हैं। लेकिन सत्ता से जुड़े व्यक्तियों के जीवन में भी कई दिलचस्प किस्से या घटनाएं होती हैं। ऐसे ही हुआ देश के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ, जब उन्हें आधी रात में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का फोन कॉल आया। ‘मोदी @ 20: ड्रीम्स मीट डिलीवरी’ पुस्तक पर चर्चा के दौरान विदेश मंत्री ने इस किस्से को साझा किया।
न्यूयॉर्क यात्रा के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पीएम मोदी के साथ यादगार किस्से को साझा करते हुए कहा, मुझे याद है कि पिछले साल आधी रात को अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ में हमारे कॉन्सुलेट के पास हमला हुआ था। हम ताजा घटनाक्रमों पर नजर बनाए हुए थे और फोन के जरिए वहां अधिकारियों के संपर्क में थे. तभी मेरा फोन बजा। आमतौर पर जब प्रधानमंत्री फोन करते हैं तो कॉलर आईडी नहीं दिखती। मुझे थोड़ी हैरानी हुई लेकिन मैंने फोन उठाया। फोन प्रधानमंत्री का ही था। मेरे फोन उठाते ही उन्होंने पहला सवाल पूछा, जागे हो? रात के 12.30 बजे थे, मैंने कहा कि हां सर जागा हूं।


उन्‍होंने कहा, अच्‍छा.. टीवी देख रहे हो… क्‍या हो रहा है वहां?’ जयशंकर ने कहा क‍ि इसके बाद उन्‍होंने थोड़ा अपडेट दिया। फिर पीएम बोले कि ‘जब खत्‍म हो जाएगा तो मुझे फोन करना।’ बकौल जयशंकर, ‘मैंने कहा कि सर इसमें दो-तीन घंटे और लगेंगे… मैं आपके यहां बता दूंगा। उन्‍होंने कहा मुझे फोन करना।’

11 दिन की अमेरिका यात्रा पर जयशंकर 
आपको बता दें कि विदेश मंत्री एस जयशंकर इन दिनों 11 दिन की अमेरिका यात्रा पर हैं। वह संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में शामिल हुए। इसके अलावा कई द्विपक्षीय बैठकों में हिस्‍सा लेंगे। उनका मीडिया, कारोबारियों व अन्‍य सेक्‍टर्स के लोगों के साथ बातचीत के भी कई कार्यक्रम हैं। अपने समकक्ष एंटनी ब्लिंकेन और जो बाइडेन प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने वह 25 सितंबर को वाशिंगटन डीसी जाएंगे।

Desk Team