मध्यप्रदेश में कल होने वाली मतगणना के पहले कांग्रेस की प्रदेश इकाई के दफ्तर के बाहर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ की अगुवाई में अगली सरकार बनने के जश्न संबंधित होर्डिंग चर्चा का विषय बन गए हैं। राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर ऐसे होर्डिंग लगाए गए हैं, जिनमें श्री कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार बनाने पर सीएम पद का उम्मीदवार कौन होगा। इस बारे में जब मध्यप्रदेश में कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (Kamal Nath) से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कल तक का इंतजार करिए सब कुछ साफ हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस 140 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद प्रकट किया गया है। वहीं प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के संबंध में संवाददाताओं द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में श्री कमलनाथ ने कहा कि वे पिछले कई महीने से कह रहे हैं कि प्रदेश में कांग्रेस की ही सरकार बनेगी। सरकार मतदाता बनाते हैं, सट्टा या एग्जिट पोल नहीं। पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री पद के दावेदार के बारे में उन्होंने कहा कि कोई भी मुख्यमंत्री बन सकता है।
मध्यप्रदेश में कल सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतगणना के साथ ही अगली सरकार को लेकर तस्वीर साफ हो जाएगी। उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया से जब इस बारे में सवाल पूछा गया था यदि कांग्रेस जीतती है तो क्या वह खुद को मुख्यमंत्री पद का प्रबल दावेदार मानते हैं, सिंधिया ने कहा था कि वह ऐसे सवालों का जवाब नहीं देना चाहते। गुना से सांसद सिंधिया ने कहा कि उन्होंने लगातार कहा है कि समूची कांग्रेस का लक्ष्य मध्य प्रदेश में भाजपा को सत्ता से बेदखल करना रहा है।


Download Android App
Download iOS App



