संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को तेलंगाना की टीआरएस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि तेलंगाना सरकार ने दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं और छात्रों की अनदेखी की है और मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव केवल अपने लिए और अपने करीबियों के लिए काम कर रहे हैं । सोनिया ने कहा कि तेलंगाना के गठन के बाद जो विकास अपेक्षित था वह राव सरकार के कार्यकाल में नहीं हुआ।
सोनिया ने मेडचल में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, मुख्यमंत्री राव ने केवल अपने और अपने करीबी लोगों की देखभाल की है और एक बच्चे (तेलंगाना) को परेशानी में छोड़ दिया। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि तेलंगाना में टीआरएस शासन अब समाप्त होने वाला है।
सोनिया ने कहा, ”दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों, पिछड़े वर्गों, महिलाओं और छात्रों की अनदेखी की गयी। मुख्यमंत्री को यह बताना चाहिए कि उन्होंने उनसे क्या वादे किये और और किन पर अमल किया।” जून 2014 में तेलंगाना राज्य के गठन के बाद सोनिया पहली बार प्रदेश के दौरे पर आयी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने के लिए प्रतिबद्ध है। संप्रग दो सरकार के दौरान तेलंगाना राज्य का गठन किया गया था।


Download Android App
Download iOS App




