नयी दिल्ली : पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा प्रदूषण सहित लगभग सभी संवेदनशील मामलों में नकारात्मक बयानबाजी करने से बचने की नसीहत देते हुये कहा है कि आप नेता को हर मामले में राजनीति नहीं करना चाहिये। हर्षवर्धन ने सोमवार को दिल्ली में लगातार बढ़ रहे प्रदूषण का लेकर केजरीवाल द्वारा केन्द्र और पड़ोसी राज्यों को दोषी ठहराने पर कहा कि केजरीवाल को बताना चाहिये कि उनकी अपनी सरकार ने दिल्ली में इस दिशा में क्या काम किया है। उन्होंने कहा ‘‘केजरीवाल से हमारा अनुरोध है कि वह हर विषय पर सिर्फ राजनीति न किया करें। वह दिल्ली की दूषिष हवा के लिये सिर्फ हरियाणा और पंजाब सरकार पर दोष मढ़ कर अपनी जिम्मेदारी से नहीं बच सकते हैं।’’
उल्लेखनीय है कि केजरीवाल ने दिल्ली में हवा की गुणवत्ता में अत्यधिक गिरावट के लिए केंद्र और हरियाणा एवं पंजाब सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुये कहा ‘‘दिल्ली में प्रदूषण साल भर नियंत्रण में रहा लेकिन हर साल सर्दी आते ही दिल्ली को केंद्र भाजपा नीत हरियाणा और कांग्रेस नीत पंजाब सरकारों के चलते गंभीर प्रदूषण का सामना करना पड़ता है। हमारे हर संभव प्रयासों के बावजूद वे कुछ भी करने को तैयार नहीं हैं। इन दोनों राज्यों के किसान भी अपनी सरकारों से तंग आ चुके हैं।’’
डा. हर्षवर्धन ने केजरीवाल से कहा ‘‘दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण की जिम्मेदारी आपकी है। केन्द्र सरकार के तमाम सहयोग के बावजूद न तो आप सड़कों से धूल की यांत्रिक सफाई करवा पा रहे हैं, ना ही धूल उड़ने से रोकने के लिये पानी का छिड़काव कर रहे हैं और ना कचरे को जलाने से रोक पा रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि केजरीवाल अपनी जिम्मेदारी पूरी करने के बजाय सिर्फ दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं।


Download Android App
Download iOS App



