केरल : पलक्कड़ जिले में भीषण सड़क हादसे पर PM मोदी ने जताया दुःख, मुआवजे का किया ऐलान

Summary :

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल के पालक्काड जिले में बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मुआवजे की घोषणा की।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल के पालक्काड जिले में बुधवार को एक सड़क दुर्घटना में हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया और मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मुआवजे की घोषणा की। जिले के डक्कनचेरी इलाके में केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस और एक टूरिस्ट बस के बीच टक्कर हो गई। हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं 38 लोग घायल हुए । घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया।
टक्कर लगने के बाद बस दलदल में गिर गई
जानकारी के मुताबिक, बीती रात बुधवार को वडक्कनचेरी के पास मंगलम में स्कूली छात्रों को ले जा रही एक टूरिस्ट बस ने केएसआरटीसी की बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बस दलदल में गिर गई। इसमें नौ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। 
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक ट्वीट के मुताबिक मोदी ने पालक्काड जिले में सड़क हादसे में हुई लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई।उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। पीएमओ ने कहा कि प्रत्येक मृतक के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दो-दो लाख रुपये दिये जाएंगे और घायलों को पचास-पचास हजार रुपए दिए जाएंगे।

वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी शोक व्यक्त करते हुआ कहा, ‘मुझे केरल के पालक्काड जिले में एक ‘हृदयविदारक’ दुर्घटना के बारे में जानकर काफी दुख हुआ है, जिसमें हमने स्कूली बच्चों और अन्य का बहुमूल्य जीवन खो दिया। पीड़ित परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। 

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार रात करीब 11:30 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग 544 (NH-544) पर हुआ। टूरिस्ट बस एर्नाकुलम के बेसिलियोस विद्यानिकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्रों को लेकर ऊटी की ओर जा रही थी। वहीं KSRTC की सुपरफास्ट बस कोट्टाराक्कारा से कोयंबटूर जा रही थी। दोनों बसों के उनके गंतव्य स्थान पर पहुंचने से पहले ही हादसा हो गया।

Desk Team