कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में अपने प्रतिद्वंद्वी शशि थरूर पर निशाना साधते हुए पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने यहां शुक्रवार को कहा कि उनके (खड़गे के) पास कोई अलग घोषणापत्र नहीं है लेकिन उदयपुर घोषणापत्र लागू करने का एक सूत्री एजेंडा जरूर है।
मल्लिकार्जुन खड़गे ने थरूर पर कसा तंज
खड़गे ने कहा, ‘‘दूसरों के जैसे मेरे पास कोई घोषणापत्र नहीं है। मेरे पास सिर्फ एक घोषणापत्र है जो कांग्रेस का घोषणापत्र है। यह चार महीने पहले का उदयपुर घोषणापत्र है और यदि मैं जीत गया तो इसे लागू करूंगा।’’
इससे पहले थरूर ने अपना घोषणापत्र जारी किया था
इस महीने की शुरूआत में तमिलनाडु में अपने चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करते हुए कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय सत्यमूर्ति भवन में थरूर ने अपना घोषणापत्र जारी किया था। उन्होंने कहा था कि उनका मकसद पार्टी में नयी जान फूंकना, प्राधिकार को विकेंद्रित करना और जनता के संपर्क में रहने का है।
थरूर ने तब संवाददाताओं से कहा था ‘‘मेरा मानना है कि ऐसा करने से कांग्रेस 2024 में होने वाले आम चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी से मुकाबला करने के लिए राजनीतिक रूप से फिट होगी।’’
17 अक्टूबर को होना है मतदान
कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान होना है।
अपने लंबे राजनीतिक जीवन में एक भी चुनाव नहीं हारने का दावा करने वाले खरगे ने कहा कि पार्टी नेतृत्व और पार्टी के सदस्य उनके साथ मजबूती से खड़े हैं।


Download Android App
Download iOS App



