लोकसभा में कांग्रेस, द्रमुक सहित कुछ विपक्षी दलों के सदस्यों ने महंगाई, जीएसटी, बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर आज भारी शोर-शराबा किया। जिसके कारण कार्यवाही शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद अपराह्न 2 बजे तक के लिये स्थगित कर दी गई।विपक्षी सदस्यों के शोर-शराबे के कारण संसद के मॉनसून सत्र में लगातार तीसरे दिन निचले सदन में प्रश्नकाल बाधित रहा।सुबह निचले सदन की कार्यवाही शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने प्रश्नकाल शुरू करने को कहा। लेकिन कांग्रेस सहित कुछ विपक्षी सदस्यों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के आसन के समीप
बिरला ने हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल शुरू कराया। इस दौरान कुछ सदस्यों ने प्रश्न पूछे और मंत्रियों ने जवाब दिये।इस बीच, विपक्षी सदस्य नारेबाजी करते हुए अध्यक्ष के आसन के समीप आ गए। उनके हाथों में तख्तियां थीं जिन पर एलपीजी सहित जरूरी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि, कई वस्तुओं पर जीएसटी की दरें बढ़ाये जाने जैसे मुद्दों का उल्लेख किया गया था।
हंगामा कर रहे सदस्यों का रवैया संसदीय परम्पराओं के लिए उचित नहीं
लोकसभा अध्यक्ष ने द्रमुक सदस्य टी आर बालू को अपने स्थान पर बैठने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रश्काल के बाद बोलने का मौका देंगे और अगर सदस्य आसन की बात नहीं मानेंगे तब इजाजत नहीं मिलेगी।
बिरला ने कहा, ‘‘सदन चर्चा संवाद के लिए है, नारेबाजी के लिए नहीं है और सदन में शोर-शराबा करने वाले सदस्य सदन की गरिमा को गिरा रहे हैं।’’उन्होंने कहा कि हंगामा कर रहे सदस्यों का रवैया संसदीय परम्पराओं के लिए उचित नहीं है क्योंकि जनता ने तख्तियां दिखाने और नारेबाजी के लिए नहीं भेजा है।

सभी विषयों पर चर्चा के लिए प्रक्रिया अनुसार समय देने को तैयार
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि ‘‘अमृतकाल में जनता हमसे चर्चा और संवाद की उम्मीद करती है’’ और वह सभी विषयों पर चर्चा के लिए प्रक्रिया अनुसार समय देने को तैयार हैं।उन्होंने कहा, ‘‘शून्यकाल में हर विषय को उठाने की अनुमति देने को तैयार हूं लेकिन हंगामा करेंगे तो इजाजत नहीं दूंगा।’’इसके बाद संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि आप (लोकसभा अध्यक्ष) इतने बड़े दिल से सभी को चर्चा की अनुमति देने की बात कह रहे हैं लेकिन ये (विपक्षी सदस्य) हंगामा कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि सदन में अधिकांश सदस्य प्रश्नकाल चलाना चाहते हैं और कांग्रेस पार्टी एवं उनके सहयोगी दल यह स्पष्ट करें कि वे चर्चा चाहते हैं या नहीं।शोर-शराबा थमता नहीं देख लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही शुरू होने के करीब 15 मिनट बाद अपराह्न 2 बजे तक के लिये स्थगित कर दी।


Download Android App
Download iOS App



