विपक्षी दलों के 12 सांसदों का निलंबन वापस लेने के मुद्दे पर राज्यसभा के सभापति एम. वेंकैया नायडू की विपक्षी नेताओं के साथ बातचीत शुरू होने के बाद सदन की कार्यवाही अगले सप्ताह सुचारू रूप से चलने की संभावना है। राज्यसभा सचिवालय के सूत्रों के अनुसार पिछले सप्ताह के अंतिम 2 दिनों में सदन में लगभग सामान्य रूप से कामकाज हुआ।
बांध सुरक्षा विधेयक 2021 पारित किया गया और लगभग 22 महीने के बाद गैर सरकारी विधेयक पर निर्धारित समय में चर्चा की गई। शीतकालीन सत्र के पहले सप्ताह के अंतिम दिन गैर सरकारी विधायी कामकाज के अंतर्गत 22 निजी विधेयक पेश किए गए। इसके अलावा संविधान में प्रस्तावना में संशोधन से संबंधित एक गैर सरकारी विधेयक को सभापति के विचार के लिए रख लिया गया।
पिछले सप्ताह के दौरान राज्यसभा की उत्पादकता 49.70 प्रतिशत दर्ज की गयी। हालांकि शुक्रवार को यह उत्पादकता 100 प्रतिशत और गुरुवार को 95 प्रतिशत रही। नायडू ने 12 सांसदों का निलंबन वापस लेने के मुद्दे पर शुक्रवार को विपक्षी दलों के नेताओं के साथ विचार विमर्श किया था। नायडू ने कहा था कि सदन में गतिरोध खत्म करने के लिए सत्ता और विपक्ष दोनों पक्षों को मिलकर काम करना चाहिए और इसे दूर करने के उपाय खोजे जाने चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



