‘बंगालियों के लिए मछली…?’ वाले बयान को लेकर बैकफुट पर परेश रावल, माफी पर महुआ ने दी प्रतिक्रिया

Summary :

‘क्या बंगालियों के लिए मछली पकाएंगे?’ वाले बयान पर विवाद हुआ तो अभिनेता और पूर्व बीजेपी सांसद परेश रावल ने बैकफुट पर आते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका ये बयान मछली पर नहीं बल्कि अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं के संदर्भ में था।

‘क्या बंगालियों के लिए मछली पकाएंगे?’ वाले बयान पर विवाद हुआ तो अभिनेता और पूर्व बीजेपी सांसद परेश रावल ने  बैकफुट पर आते हुए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका ये बयान मछली पर नहीं बल्कि अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं के संदर्भ में था। सोशल मीडिया पर बंगाली समुदाय और कुछ अन्य लोगों द्वारा इसे लेकर तीखी आलोचना किए जाने के बाद पूर्व बीजेपी सांसद की तरफ से यह माफी मांगी गई है।
परेश रावल ने ट्विटर पर लिखा, “स्वाभाविक रूप से मछली मुद्दा नहीं है क्योंकि गुजराती मछली पकाते भी हैं और खाते भी हैं। लेकिन मैं स्पष्ट कर दूं कि बंगाली से मेरा आशय अवैध बांग्लादेशी और रोहिंग्या से था। लेकिन इसके बावजूद अगर मैंने आपकी भावनाओं व संवेदनाओं को आहत किया हो तो मैं माफी मांगता हूं।”


हालांकि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा इस माफी से बहुत प्रभावित होती नहीं दिखीं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “असल में केमछो हंसी मजाक करने वाले व्यक्ति को माफी मांगने की आवश्यकता नहीं है। बंगालियों की तरह मछली पकाने का दूसरा हिस्सा है, ‘बंगालियों की तरह दिमाग रखना’। किसी भी दूसरे भारतीय राज्य के मुकाबले कहीं अधिक नोबेल पुरस्कार विजेता, मित्र…।”


दरअसल, परेश रावल ने बीते मंगलवार को वलसाड जिले में बीजेपी की एक रैली में गैस सिलेंडर के दामों का भावनात्मक चुनावी मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा, “गैस सिलेंडर महंगे हैं, लेकिन इनकी कीमत में कमी आएगी। लोगों को रोजगार भी मिलेगा। लेकिन क्या होगा अगर रोहिंग्या प्रवासी और बांग्लादेशी दिल्ली की तरह आपके आसपास रहने लगें? गैस सिलिंडर का क्या करोगे? बंगालियों के लिए मछली पकाओगे?”

गौरतलब है कि गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण में  89 विधानसभा सीटों पर 60.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सुबह आठ बजे से शुरू होकर मतदान शाम पांच बजे समाप्त हुआ। पहले चरण में 788 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला होगा। इस चरण में सौराष्ट्र-कच्छ और दक्षिणी क्षेत्र के 19 जिलों की 89 सीट के लिए मतदान हुआ। 

Desk Team