कोरोना से निपटने के लिए पीएम केयर फंड में योगदान के लिए देवगौड़ा की सराहना की पीएम मोदी ने

Summary :

कर्नाटक में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 214 तक पहुंच गई है जबकि 6 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से 37 लोग ठीक भी हो चुके हैं।

भारत में कोरोना के मरीजों की तादाद लगातार बढ़ती जा रही है। वायरस से निपटने के लिए पीएम मोदी ने लोगों से अपील की  है कि लोग पीएम केयर फंड समेत अनेक कोष  में अधिक से अधिक योगदान दें। पीएम की इस अपील के बाद आम जनता से लेकर देश के तमाम नेता और अभिनेताओं ने इस में योगदान दिया है। इसी कड़ी में पूर्व प्रधामनंत्री एच डी देवगौड़ा ने पीएम केयर फंड सहित विभिन्न कोष में योगदान दिया है। जिस पर पीएम मोदी ने देवगौड़ा का धन्यवाद किया है। पीएम-केयर्स कोष का गठन कोरोना वायरस महामारी के खिलाफ लड़ाई के लिये हाल में किया गया था ।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘ पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा जी द्वारा बेहद प्रेरणादायक पहल । ’’ प्रधानमंत्री द्वारा देवगौड़ा के कार्यालय के उस ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त की गई जिसमें कहा गया कि वरिष्ठ नेता ने उन्हें मिलने वाली पेंशन में से एक-एक लाख रुपये पीएम-केयर्स कोष, कर्नाटक सरकार के मुख्यमंत्री राहत कोष, केरल के मुख्यमंत्री के आपदा राहत कोष में दिये। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नागरिक सहायता एवं आपात स्थिति राहत कोष (पीएम-केयर्स) का गठन किया था।

बता दें, कर्नाटक में कोरोना से संक्रमितों की संख्या 214 तक पहुंच गई है जबकि 6 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, इस वायरस से 37 लोग ठीक भी हो चुके हैं। तो वहीं, देशभर में कोरोना के मरीजों की संख्या 7,529 तक पहुंच गई है और 242 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, 653 लोग इस वायरस से ठीक भी हो चुके हैं। 

Desk Team