PM मोदी ने स्विटजरलैंड में भारतीय दूतावास के ट्वीट का दिया जवाब, कहा- मानवता कोरोना महामारी से उबर आएगी

Summary :

स्विटजरलैंड में भारतीय दूतावास के ट्वीट का जवाब देते हुए मोदी ने लिखा कि दुनिया कोविड-19 के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ रही है। मानवता निश्चित रूप से इस महामारी से उबर आएगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना वायरस (कोविड-19) के खिलाफ लड़ाई और लॉकडाउन के दौरान लोगों की मदद के लिये विभिन्न मंत्रालयों के प्रयासों की सराहना की। पीएम मोदी ने शनिवार को कहा कि मानवता निश्चित रूप से कोरोना वायरस महामारी से उबर आएगी।

स्विटजरलैंड में भारतीय दूतावास के ट्वीट का जवाब देते हुए मोदी ने लिखा कि ‘‘दुनिया कोविड-19 के खिलाफ मिलकर लड़ाई लड़ रही है। मानवता निश्चित रूप से इस महामारी से उबर आएगी।’’ स्विटजरलैंड में भारतीय दूतावास के ट्वीट में कहा गया है कि “1000 मीटर से बड़े आकार का भारतीय तिरंगा स्विटजरलैंड के जरमैट में मैटरहार्न पर्वत पर प्रदर्शित हुआ जो कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में सभी भारतीयों के साथ एकजुटता के लिये है । इस भावना के लिये धन्यवाद जरमैट पर्यटन ।”

प्रधानमंत्री ने विभिन्न मंत्रालयों और मंत्रिमंडल में अपने सहयोगियों के ट्वीट पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की कि वे किस प्रकार से लॉकडाउन के दौरान लोगों की मदद का प्रयास कर रहे हैं । रेल मंत्री पीयूष गोयल के ट्वीट का जवाब देते हुए मोदी ने कहा कि ‘‘ भारतीय रेलवे की टीम पर गर्व है। इस महत्वपूर्ण घड़ी में वे लगातार हमारे नागरिकों की मदद कर रहे हैं । ’’

कोविड-19 : आगरा में 24 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 196 हुई

इससे पहले गोयल ने कहा कि लॉकडाउन में यात्री रेल रूकी है लेकिन रेलवे नहीं । अथक समर्पण, कठिन परिश्रम और सघन योजना के साथ रेलवे देश को आगे बढ़ा रहा है। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने ट्वीट में कहा कि उन्होंने एलपीजी सिंलिंडर आपूर्ति करने वाले कर्मियों को लॉकडाउन के दौरान लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिये धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि ‘‘ पूरे देश में दिनरात काम करने वाले और लोगों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने वालों को साधुवाद ।’’
वहीं, आयकर विभाग ने कहा कि कोविड-19 के कारण उत्पन्न स्थिति के मद्देनजर लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को राहत, पिछले 10 दिनों में सीबीडीटी द्वारा 8.2 लाख छोटे कारोबारियों को 5204 करोड़ करोड़ रूपये का आयकर रिफंड जारी किया गया । मोदी ने अपने ट्वीट में कहा कि विभाग छोटे और मध्यम व्यवासायों को मदद करने के लिए प्रतिबद्ध है ।

Desk Team