RBI के ऐलानों पर PM मोदी बोले- किसानों और गरीबों को मिलेगी मदद

Summary :

कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच आरबीआई ने आज बड़े ऐलान किए हैं। आरबीआई की ओर से दी गई राहत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आभार जताया।

कोरोना संकट और लॉकडाउन के बीच आरबीआई ने आज बड़े ऐलान किए हैं। आरबीआई की ओर से दी गई राहत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आभार जताया। PM मोदी ने ट्वीट कर कहा  ‘RBI द्वारा आज की गई घोषणाओं से तरलता में वृद्धि होगी और क्रेडिट आपूर्ति में सुधार होगा।

इन कदमों से हमारे छोटे व्यवसायों, एमएसएमई, किसानों और गरीबों को मदद मिलेगी। यह डब्ल्यूएमए की सीमा बढ़ाकर सभी राज्यों की मदद भी करेगा। गौरतलब है कि भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने शुक्रवार को कहा कि कोविड-19 महामारी के चलते रिजर्व बैंक आर्थिक हालात पर लगातार नजर रखे हुये है और वह आर्थिक तंत्र में पर्याप्त नकदी बनाये रखने के लिये हरसंभव कदम उठायेगा।

सेना प्रमुख नरवणे ने कहा- भारत कोविड-19 से निपटने के लिए दुनियाभर में दवा भेज रहा और पाकिस्तान आतंकवाद

केन्द्रीय बैंक ने इसके साथ ही रिवर्स रेपो दर में 0.25 प्रतिशत कटौती कर उसे 3.75 प्रतिशत कर दिया। हालांकि, रेपो दर में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके साथ ही दास ने राज्यों पर खर्च के बढ़ते दबाव को देखते हुये उनके लिये अग्रिम की सुविधा को 60 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। अभी तक इसके लिए 30 प्रतिशत की सीमा थी। इससे राज्यों को इस कठिन समय में संसाधन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
केंद्रीय बैंक लक्षित दीर्घकालिक रेपो परिचालन (टीएलटीआरओ) के जरिए अतिरिक्त 50,000 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करायेगा। यह काम किस्तों में किया जायेगा। इसके अलावा दास ने नाबार्ड, नेशनल हाउसिंग बैंक और सिडबी जैसे वित्तीय संस्थानों के पुन: वित्त पोषण के लिए 50,000 करोड़ रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की।

Desk Team