प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक अक्टूबर को ‘स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0’ की शुरुआत करेंगे। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक अधिकारी के अनुसार ‘स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0’ अपशिष्ट और अवजल प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित करेगा। आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने राष्ट्रीय रियल एस्टेट विकास परिषद (एनएआरईडीसीओ) के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ‘स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0’ प्रेरक होगा और देश में बदलाव लाएगा।
मिश्रा ने कहा, ‘‘दो बड़े कार्यक्रमों की शुरुआत होने वाली है। प्रधानमंत्री एक अक्टूबर को ‘स्वच्छ भारत मिशन अर्बन 2.0’ की शुरुआत करेंगे। इस मिशन के क्रियान्वयन से पिछले सात वर्षों में शहरों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है।’’ एक अन्य अभियान अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत) के बारे में मिश्रा ने कहा कि इसका उद्देश्य हर घर में पानी की आपूर्ति करना है। मिश्रा ने बताया कि शहरों में पानी सुरक्षित बनाने के लिए इस मिशन का विस्तार किया जाएगा। जल जीवन मिशन और अमृत 2.0 को भी प्रधानमंत्री एक अक्टूबर को शुरू करेंगे।
मिश्रा ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में पिछले सात वर्षों में मंत्रालय की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए पांच अक्टूबर को दिल्ली में एक कार्यक्रम ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ आयोजित किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



