PM मोदी दो फरवरी को BJP कार्यकर्ताओं से करेंगे संवाद, बजट से जुड़ी तमाम उपलब्धियों के बारे में देंगे जानकारी

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो फरवरी को देश भर के बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो फरवरी को देश भर के बीजेपी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। करीब एक घंटे के संबोधन के दौरान पीएम  पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को बजट के बारे में बताएंगे। पीएम का यह संबोधन वर्चुअल माध्यम से होगा। दरअसल केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को संसद में बजट पेश करने जा रही हैं। इसके एक दिन बाद दो फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी संसद में पेश इसी बजट की बारिकियों के बारे में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे तथा बजट से जुड़ी तमाम उपलब्धियों के बारे बताएंगे।
संबोधन के लिए कई स्थान पर की जा रही है तैयारियां 
पीएम अपने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार की उपलब्धियों जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए बजट में आवंटित फंड और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए गए तमाम कदमों की जानकारी भी देंगे ताकि पार्टी कार्यकर्ता बजट से जुड़ी इन तमाम उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं और उन्हें सही जानकारी देने का काम करें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम को लेकर देश भर में भाजपा कार्यालयों के साथ-साथ अन्य कई स्थानों पर भी तैयारियां की जा रही हैं।
इस संबोधन को चुनावी राज्यों में माना जा रहा है अहम 
बजट को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस संबोधन को चुनावी राज्यों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि 10 फरवरी से उत्तर प्रदेश सहित देश के 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, मणिपुर और गोवा – इन पांचों राज्यों में एक ही दिन 10 मार्च को मतगणना होगी।

Desk Team