पुणे में पीएम मोदी को काले झंडे दिखाने के लिए जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ता को पुलिस ने हिरासत में लिया. हिरासत में लिए गए कांग्रेस कार्यकर्ता का कहना है कि पीएम मणिपुर कि घटना पर संसद भवन में चुप्पी साधे हुए हैं, इसीलिए विरोध प्रदर्शन करने जा रहे थे। हालांकि पुणे पुलिस ने किसी भी प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी है। इसके लिए पीएम के प्रोटोकॉल का हवाला दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के पुणे में होंगे। इस दौरान विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ प्रदर्शन की तैयारी की है। इसी बीच बताया गया है कि कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है।
जगताप ने नोटिस का हवाला देते हुए ये कहा
जगताप ने नोटिस का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें बताया गया है कि महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के अनुसार सार्वजनिक और निजी स्थानों पर प्रदर्शन और रास्ता रोको (सड़क नाकाबंदी) पाबंदी है। पीएम मोदी की पुणे यात्रा के दौरान उनके खिलाफ प्रदर्शन करने की योजना बना रहे विपक्षी दलों के सदस्यों ने दावा किया कि पुलिस ने उन्हें नोटिस भेजा है। प्रदर्शन में हिस्सा लेने की योजना बना रहे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की पुणे इकाई के अध्यक्ष (शरद पवार गुट) प्रशांत जगताप ने कहा कि उन्हें पुलिस ने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 149 (संज्ञेय अपराधों को रोकने के लिए पुलिस की तरफ से उठाया जाने वाला कदम) के तहत नोटिस दिया है।
मई की शुरुआत से ही जातीय हिंसा का सामना कर रहा मणिपुर
इससे पहले, विपक्षी गठबंधन के सदस्यों ने एक विज्ञप्ति में कहा कि प्रधानमंत्री के पास विदेश जाने का वक्त है, लेकिन मणिपुर का दौरा करने का समय नहीं । मणिपुर मई की शुरुआत से ही जातीय हिंसा का सामना कर रहा है। कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के उपाध्यक्ष मोहन जोशी ने कहा कि उन्हें भी पुलिस का नोटिस मिला है। जोशी ने कहा कि प्रदर्शन योजना के मुताबिक होगा। इस बीच, बीजेपी नेता मुरलीधर मोहोल ने कहा कि उनकी पार्टी विरोध प्रदर्शन का जवाब आंदोलन से देगी।


Download Android App
Download iOS App



