राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की घोषित उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू , 24 जून को नामांकन करेंगी। भाजपा उनके नामांकन कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी कर रही है। उनके नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित भाजपा संसदीय बोर्ड के वे सभी सदस्य मौजूद रहेंगे, जिन्होंने मंगलवार की बैठक में सर्वसम्मति से उन्हे भाजपा की तरफ से राष्ट्रपति का उम्मीदवार चुना था।
बताया जा रहा है कि द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के दौरान मोदी सरकार के कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा के दिग्गज नेता एवं भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे।
एनडीए की तरफ से उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू
दरअसल , मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजदूगी में भाजपा मुख्यालय में हुई पार्टी संसदीय दल की बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने यह ऐलान किया था कि बैठक में 20 नामों पर विचार-विमर्श करने के बाद सबने एकमत से पूर्वी भारत से आने वाली आदिवासी महिला नेत्री द्रौपदी मुर्मू को एनडीए की तरफ से राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।
पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति होंगी द्रौपदी मुर्मू
विपक्षी दल पहले ही यशवंत सिन्हा को अपना संयुक्त उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं। हालांकि नवीन पटनायक और नीतीश कुमार के समर्थन देने के ऐलान के बाद राष्ट्रपति निर्वाचक मंडल का अंक गणित द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में झुकता नजर आ रहा है। द्रौपदी मुर्मू अगर यह चुनाव जीतती है तो वे राष्ट्रपति बनने वाली पहली आदिवासी महिला होंगी। आपको बता दें कि, देश के अगले राष्ट्रपति के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन की आखिरी तारीख 29 जून है। 18 जुलाई को राष्ट्रपति पद के लिए मतदान होना है और नतीजों की घोषणा 21 जुलाई को की जाएगी।
नीतिश कुमार ने दी बधाई
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाये जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये कहा कि द्रौपदी मुर्मू एक आदिवासी महिला हैं, एक आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद के लिये उम्मीदवार बनाया जाना बहुत खुशी की बात है ।
नीतिश ने पीएम नरेंद्र मोदी को किया धन्यवाद
नीतीश ने कहा कि कल प्रधानमंत्रीजी ने बात कर इसकी जानकारी दी थी कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया जा रहा है । उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी को भी इसके लिये हृदय से धन्यवाद । उन्होंने कहा कि मूलतः उड़ीसा की रहनेवाली द्रौपदी मुर्मू ने वहां की सरकार में मंत्री के रूप में अपने दायित्वों का बेहतर निर्वहन किया था, उसके पश्चात् झारखण्ड की राज्यपाल के रूप में भी उनकी भूमिका सराहनीय रही है।


Download Android App
Download iOS App



