नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के कारण गत वर्ष देश की आर्थिक विकास की रफ्तार कम होने के भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन के बयान का समर्थन करते हुए कांग्रेस ने रविवार को कहा कि रघुराम राजन ने मोदी सरकार को ‘आईना’ दिखाया है। रघुराम राजन ने गत शुक्रवार को बर्कले स्थित कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी में अपने सम्बोधन में कहा था कि नोटबंदी और जीएसटी लागू करना पिछले वर्ष भारतीय अर्थव्यवस्था की गति रोकने की दो मुख्य वजहें रही है।
वह द्वितीय भट्टाचार्य व्याख्यानमाला में ‘भारत के भविष्य’ विषय पर व्याख्यान दे रहे थे। कांग्रेस के मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट करके कहा, ‘जाने माने अर्थशास्त्री और पूर्व आरबीआई गवर्नर ने (प्रधानमंत्री नरेन्द्र) मोदी निर्मित नोटबंदी की त्रासदी एवं ‘गब्बर सिंह टैक्स’(जीएसटी) को लेकर मोदी सरकार को‘सच्चाई का आईना’दिखाया है।’
उन्होंने आगे लिखा है, ‘(इस बात के लिए) हमें आज शाम तक एक ब्लॉग के जरिये राष्ट्रविरोधी करार दिया जायेगा।‘‘ सुरजेवाला ने ब्लॉग लिखने वाले के नाम के आगे खाली जगह छोड़ दी है, लेकिन उनका इशारा वित्त मंत्री अरुण जेटली की ओर है।


Download Android App
Download iOS App



