राहुल ने केंद्र पर लगाया मनमर्जी का आरोप, कहा- लोकसभा में प्रश्काल के लिए भेजे गए 2 प्रश्नों को हटाया गया

Summary :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि प्रश्नकाल के लिए उनकी ओर से किसानों से जुड़े मुद्दों पर भेजे गए एक अतारांकित प्रश्न के तहत पूछे गए 2 सवालों को हटा दिया गया।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि प्रश्नकाल के लिए उनकी ओर से किसानों से जुड़े मुद्दों पर भेजे गए एक अतारांकित प्रश्न के तहत पूछे गए दो सवालों को हटा दिया गया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘कृषि-अन्याय पर मैंने संसद में सवाल किए- क्या शहीद किसानों को मुआवजा मिलेगा? क्या सरकार एमएसपी पर विचार कर रही है? कोविड से किसानी पर क्या असर पड़ा?’’
केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य ने दावा किया, ‘‘पहले दो सवाल वे खा गए और तीसरे का ये जवाब दिया है- ‘महामारी में किसानी सुचारु रूप से चलती रही!’’ क्या मजाक है? कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने लोकसभा के प्रश्नकाल में राहुल गांधी के नाम से आतारांकित प्रश्नों की तस्वीर और प्रश्नों की एक अन्य सूची की तस्वीर जारी कर सवाल किया, ‘‘मोदी सरकार किसानों को मुआवजा व एमएसपी पर जबाब व चर्चा पर इतना डरती क्यों हैं? राहुल गांधीजी जी ने सवाल पूछा कि 700 किसानों को मुआवजा कब देंगे व एमएसपी कब देंगे?’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘देखिए मोदी सरकार व लोकसभा सचिवालय ने मनमर्ज़ी से सवाल ही काट दिया। किसानों से न्याय करना होगा, वरना मोदी सरकार झोला उठा लें।’’ बता दें कि मंगलवार की कार्यवाही में राहुल गांधी की ओर से कृषि मंत्रालय से अतारांकित प्रश्न संख्या 1440 पूछा गया था। इसमें चार प्रश्न अंकित हैं जिनके सरकार ने जवाब दिए।

Desk Team