राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था को लेकर मोदी सरकार पर साधा निशाना, ट्वीट कर कही ये बात

Summary :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना वायरस एक बहुत बड़ी समस्या है और इस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी।

चीन से शुरू हुए कोरोना वायरस (कोविड-19) ने भारत में भी आतंक मचा दिया है। कोरोना के प्रकोप से देश में अर्थव्यवस्था और व्यापार में भी काफी नुकसान देखने को मिल रहा है। इस बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना वायरस एक बहुत बड़ी समस्या है और इस पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो जाएगी। उन्होंने यह दावा किया कि इस समस्या के समाधान की दिशा में कदम उठाने की बजाय सरकार बेखबर पड़ी है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ” मैं इसे दोहराता रहूंगा। कोरोनो वायरस एक बहुत बड़ी समस्या है। समस्या को नजरअंदाज करना कोई समाधान नहीं  है। अगर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय अर्थव्यवस्था नष्ट हो जाएगी। सरकार बेखबर पड़ी है।”

कांग्रेस नेता ने गुरुवार को भी इस बारे में केंद्र सरकार पर वार किया था। उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि ” कोरोना वायरस हमारे लोगों और हमारी अर्थव्यवस्था के लिए एक अत्यंत गंभीर खतरा है। मेरी समझ से सरकार इस खतरे को गंभीरता से नहीं ले रही है। समय पर कार्रवाई महत्वपूर्ण है।”

मध्यप्रदेश : CM कमलनाथ करेंगे आज राज्यपाल से मुलाकात, अनेक अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

बता दें कोरोना वायरस के कारण विश्वभर के करीब 115 देशों और क्षेत्रों में 4,600 से अधिक लोगों की मौत हो गई है और 1,25,293 से अधिक लोग इससे संक्रमित हैं। वहीं भारत में भी कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अब तक भारत में 75 लोगों के संक्रमण की पुष्टि की गयी है वहीं इस वायरस के कारण एक मौत का मामला भी सामने आया है। 

Desk Team