महाधिवेशन में गरजे राहुल: ‘कांग्रेस सत्याग्रही है और भाजपा सत्ताग्रही’, सच्चाई आने तक अडाणी से पूछते रहेंगे सवाल

Summary :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि अडाणी समूह से जुड़े मामले की सच्चाई सामने आने तक उनकी पार्टी सवाल पूछती रहेगी।उन्होंने पार्टी के 85वें अधिवेशन में संबोधन के दौरान आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उद्योगपति गौतम अडाणी एक ही हैं।

भाजपा पर जमकर बरसे राहुल गांधी 
राहुल गांधी ने भविष्य में “भारत जोड़ो यात्रा” की तरह के किसी अन्य कार्यक्रम का संकेत देते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ‘तपस्या’ का कार्यक्रम बनाएं, उसमें सभी लोग शामिल होंगे।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि कांग्रेस के लोग सत्याग्रही हैं, जबकि भाजपा-आरएसएस के लोग ‘सत्ताग्रही’ हैं। राहुल गांधी ने अडाणी मामले का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि अडाणी और मोदी एक ही हैं और पूरा धन एक ही व्यक्ति के पास जा रहा है।
अडाणी से हजार बार पूछेंगे सवाल – राहुल 

राहुल ने कहा, ‘संसद की कार्यवाही से हमारी बातों को हटा दिया गया..हम सवाल पूछते रहेंगे। हम एक बार नहीं, हजार बार सवाल पूछेंगे। जब तक अडाणी जी की सच्चाई नहीं सामने आएगी तब तक सवाल पूछते रहेंगे।’’
राहुल गांधी ने महाधिवेशन में कहा कि नरेंद्र मोदी जी ने श्रीनगर में भाजपा के महज 15-20 लोगों के साथ तिरंगा फहराया था, लेकिन हमने कश्मीर के लाखों युवाओं के जरिये तिरंगा फहराया।
उन्होंने चीन के संदर्भ में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के एक बयान का हवाला देते हुए कहा, ‘‘जो आपसे कमजोर है उससे ही लड़ोगे तो इसे कायरता कहा जाता है, यह राष्ट्रवाद नहीं है।’’

Desk Team