देश में 5G सर्विस की लॉन्चिंग हो चुकी है। इसके साथ ही भारत भी उन देशों की लिस्ट में शामिल हो गया है, जहां लेटेस्ट जेनरेशन की टेलीकॉम सर्विसेस मिलेंगी। MoS इलेक्ट्रॉनिक्स और IT राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि 5G सर्विस देश के हर तबके के जीवन में बदलाव लेकर आएगी।
राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण दिन के तौर पर जाना जाएगा और इसका असर लंबे समय तक रहेगा। यह इंटरनेट का भविष्य होगा। 5G हर व्यक्ति के जीवन में बदलाव लाएगा चाहे वह छोटे व्यवसायी हों, किसान हों, डॉक्टर हों या छात्र हों। यह स्टार्टअप को भी बढ़ावा देगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के प्रगति मैदान से इंडियन मोबाइल कांग्रेस 2022 की शुरुआत करते हुए देश में 5G सर्विस लॉन्च की। इस मौके पर केंद्रीय संचार, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद रहे। 5G की लॉन्चिंग से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने जियो, एयरटेल और दूसरे कंपनियों के स्टॉल पर विजिट किया है और नई टेक्नोलॉजी का डेमो भी लिया। इसके साथ ही उन्होंने मेडिकल लाइन में 5G की वजह से मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।
5G से होने वाले बदलाव
5जी इंटरनेट की स्पीड मौजूदा स्पीड से 10-12 गुना तक तेज होगी। हालांकि, स्पीड और खर्चा इस बात पर भी निर्भर करेगी कि उपभोक्ता ने स्टैंडअलोन 5जी सर्विस ली है या नॉन स्टैंड अलोन। इन दोनों सर्विस में फर्क ये है कि नॉन स्टैंड अलोन सर्विस 4G संसाधनों के जरिए ही उपलब्ध कराई जाएगी और ये स्टैंड अलोन 5G सर्विस के मुकाबले कुछ धीमी होगी। हालांकि फिर भी ये 4 जी से काफी तेज होगी।
इसके बाद आएगी स्टैंड अलोन सर्विस। इसके लिए पूरी तरह से अलग संसाधन लगाए जाएंगे। इस वजह से ये ज्यादा तेज और महंगी होगी। 5G नेटवर्क पर आपको सिर्फ तेज स्पीड इंटरनेट ही नहीं मिलेगा, बल्कि इससे आपको Amazing स्पीड के साथ…No बफरिंग और बेहतर टेलीकॉम सर्विसेस और कॉल कनेक्टिविटी मिलेगी।
शुरुआत में 5G सर्विस दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई समेत कई शहरों में मिलेगी, जिसका विस्तार अगले साल के अंत तक पैन इंडिया लेवल पर होगा। फिलहाल मेट्रो शहरों में 5G कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं 5G यूज करने के लिए आपको नए सिम कार्ड की जरूर फिलहाल नहीं होगी. आप अपने पुराने सिम पर ही नई सर्विस यूज कर सकेंगे।


Download Android App
Download iOS App



