पुलवामा में पिछले साल हुए आतंकी हमले की बरसी पर शुक्रवार को राहुल गांधी के किए ट्वीट पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। राहुल ने ट्वीट में पुलवामा की घटना को लेकर कुछ सवाल उठाए तो पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने उन पर निशाना साधा।
शाहनवाज ने कहा कि राहुल गांधी को बताना चाहिए कि उनके ट्वीट से किसको नुकसान और किसको फायदा पहुंचता है।
उन्होंने कहा, ‘राहुल गांधी के ट्वीट और बयानों का पाकिस्तान अंतररष्ट्रीय मंच पर भारत के खिलाफ दुरुपयोग करता है। आज ही के दिन मां भारती के लिए 40 जवानों ने बलिदान दिया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करारा जवाब देने की बात कही थी और करके भी दिखाया। बालाकोट में आतंकी शिविरों को भारतीय सेना ने नेस्तनाबूद कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तान बेनकाब हो गया था। मगर राहुल गांधी ऐसे ट्वीट कर जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं।
राहुल गांधी ने घटना के एक साल होने पर शुक्रवार को ट्वीट कर जहां पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि दी, वहीं तीन सवाल भी उठाए। उनके सवाल थे कि ‘पुलवामा आतंकी हमले से किसे सबसे ज्यादा फायदा हुआ?, हमले को लेकर क्या जांच हुई? जवानों की सुरक्षा में चूक के लिए मोदी सरकार ने किसकी जिम्मेदारी तय की?’


Download Android App
Download iOS App



