कोरोना संकट के बीच दुनियाभर में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। वहीं योग दिवस को लेकर कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी के एक ट्वीट से विवाद पैदा हो गया है। उन्होंने योग को ॐ और अल्लाह से तुलना करते हुए ट्वीट किया जिसपर पलटवार करते हुए योगगुरु रामदेव ने उन्हें जवाब दिया।
ॐ के उच्चारण से ना तो योग ज्यादा शक्तिशाली हो जाएगा और ना अल्लाह कहने से योग की शक्ति कम होगी | #YogaDay2021 #InternationalDayOfYoga
— Abhishek Singhvi (@DrAMSinghvi) June 21, 2021
अभिषेक मनु सिंघवी ने ट्वीट कर कहा कि “ॐ के उच्चारण से ना तो योग ज्यादा शक्तिशाली हो जाएगा और ना अल्लाह कहने से योग की शक्ति कम होगी |”
वहीं योग गुरु रामदेव ने पलटवार करते हुए कहा कि “ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम, सबको सन्मति दे भगवान’। अगर ओमकार ही भगवान है और अल्लाह, भगवान, खुदा सब एक ही है, ऐसे में ॐ बोलने में दिक्कत क्या है। लेकिन हम किसी को खुदा बोलने से मना नहीं कर रहे हैं। रामदेव बोले कि इन सभी को भी योग करना चाहिए, फिर इन सभी को एक ही परमात्मा दिखेगा।
वहीं मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि अभिषेक मनु सिंघवी पर बस यही कहूंगा कि ना जाने क्यों कांग्रेस के नेता ऐसे अवसरों पर भी राजनीति करते हैं और ऐसे बयान देते हैं। वैक्सीनेशन और योग दोनों ही कोरोना से लड़ाई में संजीवनी हैं। हमारे देश की पूरी दुनिया में योग की वजह से आज अलग पहचान बन गई है।
पीएम मोदी ने योग दिवस के मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी में योग उम्मीद की एक किरण भी बना हुआ है।” मोदी ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ मिलकर भारत ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है और अब दुनिया को ‘एम-योग’ ऐप की शक्ति मिलने जा रही है, जिस पर सामान्य नियमों पर आधारित योग प्रशिक्षण के कई वीडियो दुनिया की अलग-अलग भाषाओं में उपलब्ध होंगे। इससे ‘एक विश्व, एक स्वास्थ्य’ का लक्ष्य पूरा होगा।


Download Android App
Download iOS App



