केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को कहा कि मतगणना के शुरुआती रुझान दर्शाते हैं कि वर्षों से चली आ रही राजनीति का पुराना तरीका (ओल्ड पैटर्न) अब खत्म हो गया है।
सिंह का यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब गुरुवार को देश के पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझान सामने आ रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इन पांच में से चार राज्यों – उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में सरकार बनाती नजर आ रही है। पांचवें राज्य पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) पूर्ण बहुमत प्राप्त करती दिखाई दे रही है।
भारत विकास पर आधारित राजनीति का स्वागत
सिंह ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक नई तरह की राजनीतिक संस्कृति की शुरुआत की है जो विकास और दलित वर्ग को सुरक्षा प्रदान करने पर आधारित है। उन्होंने कहा कि मतगणना के रुझान बताते हैं कि भारत विकास पर आधारित राजनीति का स्वागत कर रहा है, जो जातिवाद और वोटबैंक की राजनीति से परे है।
विधानसभा चुनाव में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के बारे में आईएएनएस को जवाब देते हुए सिंह ने कहा, अगर वे राजनीति में प्रासंगिक बने रहना चाहते हैं, तो उन्हें जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति को अलविदा कहना होगा।


Download Android App
Download iOS App



