चीन के वुहान से शुरू हुआ कोविड-19 के मामलों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। विश्व के अधिकांश (अब तक 185) देशों में फैल चुके कोरोना वायरस (कोविड 19) का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है और इस खतरनाक वायरस से दुनिया भर में अब तक 33,976 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि करीब 722,196 लोग इससे संक्रमित हैं। भारत में भी कोरोना वायरस का संक्रमण फैलता जा रहा है और देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 107 नये मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1024 हो गयी है ।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि देश में कोरोना के 1024 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इस वैश्विक महामारी के केंद्र चीन में अब तक 81470 लोगों की कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है और 3304 लोगों की इस वायरस के चपेट में आने के बाद मौत हो चुकी है। इस वायरस को लेकर तैयार की गयी एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन में हुई मौत के 80 प्रतिशत मामले 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के थे।

पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना को लेकर सबसे गंभीर स्थिति इटली और स्पेन से सामने आयी है। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) से बुरी तरह प्रभावित इटली में इसके संक्रमण से मरने वालों की संख्या 10 हजार का आकंड़ा पार कर गयी है और मृतकों का आंकड़ 10,779 पहुंच गया है। स्पेन में इससे मरने वालों की संख्या बढ़कर 6528 हो गयी है। ताजा आकंड़े के मुताबिक स्पेन में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 78,797 हो गयी है।

ईरान में इस वायरस की चपेट में आकर मरने वालों की संख्या बढ़कर 2640 हो चुकी है जबकि 38309 लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं। दक्षिण कोरिया में इस महामारी से 152 लोगों की मौत हुयी है जबकि 9583 लोग इससे संक्रमित हुए हैं। अमेरिका में भी यह बीमारी व्यापक रूप से फैल चुकी है। यहां कोरोना वायरस से अब तक 2191 लोगों की मौत हो चुकी हैं जबकि 1,32,00 लोग इससे संक्रमित हुए हैं।

चीन के अलावा कोरोना वायरस ने इटली, ईरान, अमेरिका और दक्षिण कोरिया समेत विश्व के कई और देशों को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। इसके संक्रमण के आधे से अधिक मामले अब चीन के बाहर के हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की रिपोर्ट के अनुसार चीन के बाद इटली में इस जानलेवा वायरस ने व्यापक स्तर पर अपने पैर पसार लिये हैं और यहां कोरोना से मरने वाली की संख्या चीन से करीब दोगुना हो चुकी है। विश्व के कुछ अन्य देशों में भी स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है।
कोरोना वायरस से अब तक पश्चिमी प्रशांत क्षेत्र में 3626, यूरोपीय क्षेत्र में 21493, दक्षिण-पूर्वी एशियाई क्षेत्र में 139, पश्चिमी एशिया क्षेत्र में 2668, अमेरिकी के नजदीक पड़ने वाले क्षेत्रों में 1973 और अ़फ्रीकी क्षेत्र में 51 लोगों की मौत हुई है।


Download Android App
Download iOS App



