भारत कोरोना महामारी की जद से बाहर आ चुका है। देश में कोरोना के रोजाना सामने आने वाले मरीजों की संख्या दो हज़ार से नीचे आ गयी है। प्रतिदिन नए मामलों में आ रही गिरावट के चलते एक्टिव केस की संख्या 24 हज़ार से भी कम हो गयी है। इसके साथ ही वायरस से बचाव के लिए देश में टीकाकरण भी जारी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1581 नए केस सामने आने के बाद संक्रमण का कुल आंकड़ा 43,010,971 हो गया है। वहीं इस दौरान हुई 33 नए मरीजों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा भी बढ़कर 5,16,543 हो गया।
मंत्रालय के अनुसार, पिछले 24 घंटे में 741 मरीज ऐसे है, जो कोरोना संक्रमण से ठीक हुए हैं। पिछले 24 घंटे में एक्टिव केस की संख्या में 1,193 की कमी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.74 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण की दैनिक दर 0.28 प्रतिशत और साप्ताहिक दर 0.39 प्रतिशत दर्ज की गई। देश में अभी तक कुल 78.36 करोड़ से अधिक नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 5,68,471 नमूनों की जांच पिछले 24 घंटे में की गई।
विश्व कोरोना : 47.2 करोड़ हुए कोविड के मामले, 60.9 लाख से ज्यादा लोगों की हो चुकी है मौत
मंत्रालय ने बताया कि देश में अभी तक कुल 4,24,70,515 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं और कोविड-19 से मृत्यु दर 1.20 प्रतिशत है। वहीं, राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 181.56 करोड़ से अधिक खुराक लगाई जा चुकी हैं।
उल्लेखनीय है कि देश में सात अगस्त 2020 को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ के पार हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 26 जनवरी को मामले चार करोड़ के पार पहुंच गए थे।


Download Android App
Download iOS App



