पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के परिवार ने किसी भी तरह की सरकारी सुविधाएं लेने से इनकार कर दिया है। परिवार का कहना है कि वह अपना खर्च उठाने में सक्षम हैं। इसलिए उसे सरकारी सुविधाओं की जरूरत नहीं है। साथ ही कहा कि वह सुविधाएं लेकर सरकारी खजाने पर भार नहीं डालना चाहते हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अटल बिहारी वाजपेयी के परिजनों ने प्रधानमंत्री कार्यालय को एक पत्र लिखकर अपने फैसले के बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं की आवश्यकता नहीं है।
बता दें कि वाजपेयी के परिवार में उनकी दत्तक पुत्री नमिता, दामाद रंजन भट्टाचार्य और पौत्री निहारिका व अन्य सदस्य शामिल हैं। यह परिवार वाजपेयी के साथ ही दिल्ली के लुटियंस जोन में कृष्ण मेनन मार्ग पर सरकारी आवास में ही रहता है। हालांकि अब परिवार ने इस घर को छोड़ने का फैसला लिया है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व प्रधानमंत्रियों के परिवारों को मुफ्त आवास की सुविधा, मुफ्त चिकित्सा सुविधाएं, सरकारी स्टाफ, घरेलू विमान टिकटें, ट्रेन में फ्री यात्रा और एसपीजी सुरक्षा समेत अन्य सुविधाएं मिलती हैं।


Download Android App
Download iOS App




