भारत में चल रही कोरोना महामारी की जानलेवा दूसरी लहर से पूरा देश जूझ रहा है, लाखों लोग लगातार संक्रमित हो रहे हैं तो हजारों लोगों की जानें भी जा रही हैं। इस बीच भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के वरिष्ठ नेता कैलाश विजयवर्गीय ने अपने एक दावे से सबको चौंका दिया है। कैलाश विजयवर्गीय ने भारत में कोरोना की दूसरी लहर को पड़ोसी देश चीन की तरफ से भारत पर ‘वायरल वार’ बताया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि दूसरी लहर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता को खत्म करने की साजिश है।
दरअसल, विजयवर्गीय ने कहा ‘कोरोना की यह लहर आई है या भेजी गई है, यह सोचने वाली बात है। हमें लगता है कि यह चीन का वायरल वार है, क्योंकि सिर्फ भारत में ही दूसरी लहर आई है। पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान, भूटान जैसे पड़ोसी देशों में नहीं आई। इसके साथ ही विजयवर्गीय ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। विजयवर्गीय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को ऑक्सीजन संकट से बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। आप ऑक्सीजन संकट के दौरान मोदी जी द्वारा किए गए कार्यों की कल्पना नहीं कर सकते।
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने नौसेना, सेना और वायु सेना का इस्तेमाल किया और जहाजों, हवाई जहाजों और ट्रेनों के माध्यम से ऑक्सीजन टैंकरों को लाया गया। हमें दूसरी लहर की तीव्रता और उसके प्रभाव के बारे में पता नहीं था।’ इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता कमलनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि “कमलनाथ ने कोरोना को भारतीय वेरिएंट बताया है। यह भारत को बदनाम करने की साजिश का हिस्सा है। चीन कांग्रेस और कमलनाथ के कंधों पर बंदूक रखकर हमारे देश में चला रहा है और दुनिया में हमें बदनाम कर रहा है। कांग्रेस देश में चीन के लिए राजनीति कर रही है।”
कमलनाथ ने क्या कहा था ?
इससे पहले कमलनाथ ने केंद्र की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था, ‘‘दुनियाभर में भारत कोरोना और ब्लैक फंगस की राजधानी बन गया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने कहा कि वे भारतीय कोरोना से डर रहे हैं।’’ उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हुए कहा कि ‘‘मेरा भारत महान छोडिए, मेरा भारत कोविड बन गया। कोरोना वायरस से होने वाली मौतों के बनावटी आंकड़े पेश कर हम पूरे विश्व को धोखा दे रहे हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



