उत्तर प्रदेश : लखनऊ में स्कूल वैन से टकराई बस, 3 बच्चे जख्मी

Summary :

वैन चालक ने जल्दबाजी में वैन को उल्‍टी द‍िशा में मोड़ द‍िया, जिससे दूसरी तरफ से आ रही सरकारी बस की वैन से सीधी टक्‍कर हो गई।

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में गोमती नगर के समता मूलक चौराहे पर सोमवार की सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही वैन की टक्कर एक बस से हो गई। हादसे में ड्राइवर और तीन बच्चे जख्मी हुए हैं। पुलिस ने घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया है। वैन में कुल चार बच्चे सवार थे और इन बच्चों की उम्र 10 से 15 साल के बीच है। तीन बच्चों को चोट आई है। 
गोमतीनगर के पुलिस निरीक्षक राम सूरत सोनकर ने बताया कि महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज के चार बच्चों को लेकर वैन चालक स्कूल जा रहा था। वैन चालक ने जल्दबाजी में वैन को उल्‍टी द‍िशा में मोड़ द‍िया, जिससे दूसरी तरफ से आ रही सरकारी बस की वैन से सीधी टक्‍कर हो गई। 

UP में गायों की मौत पर योगी के कड़े तेवर, 8 अफसरों और कर्मचारियों को किया निलंबित

यह हादसा फन रिपब्लिक सिनेमा के पास हुआ। उन्होंने बताया कि पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल बच्‍चों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया जहां बच्चों की हालत ठीक है। सोनकर ने बताया कि वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। 

Desk Team