बहराइच जिले के बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर जरवल रोड थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो बसों की टक्कर में दोनों बस के चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य यात्री घायल हो गए जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों ने इस बारे में बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लेने का निर्देश दिया है।अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने मंगलवार को बताया, ‘‘सोमवार रात लगभग साढ़े नौ बजे जरवल रोड थाना क्षेत्र के शुक्ला ढाबे के पास लखनऊ से गोंडा जा रही रोडवेज बस और गोंडा से लखनऊ की ओर जा रही निजी बस की टक्कर हो गई जिसमें बसों के चालक सहित नौ लोग घायल हो गए।’’
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बस के अंदर से निकालकर पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुस्तफाबाद पहुंचाया। एएसपी ने बताया कि सीएचसी में इलाज के दौरान रामचंद्र, शिव नाथ शुक्ला और आकाश तिवारी (दोनों गोंडा निवासी) की मृत्यु हो गई। रामचंद्र का पता ज्ञात नहीं है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए बड़े अस्पताल भेजा गया है। शेष चार घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज जारी है।
घटनास्थल पर मौजूद पुलिस बल ने दुर्घटनाग्रस्त बसों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करा दिया है। उधर, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उक्त सड़क दुर्घटना पर संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है और वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्यों में तेजी लाने एवं सभी घायलों का समुचित उपचार करने के निर्देश दिए हैं।


Download Android App
Download iOS App



