यूपी पुलिस महकमे में खलबली : 4 IPS अफसरों में फेरबदल, ADG और DG हटे, CBCID में बड़ा उलटफेर

Summary :

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शनिवार को प्रदेश के चार वरिष्ठ आईपीएस अफसरों में फेरबदल किया है। सीबीसीआईडी के डीजी विश्वजीत महापात्रा और एडीजी एसके माथुर को हटा दिया गया है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने शनिवार को प्रदेश के चार वरिष्ठ आईपीएस अफसरों में फेरबदल किया है। सीबीसीआईडी के डीजी विश्वजीत महापात्रा और एडीजी एसके माथुर को हटा दिया गया है। 
सीबीसीआइडी में शीर्ष स्तर पर इस फेरबदल से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। सीबीसीआइडी के डीजी तथा एडीजी को पद से हटाकर प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। केंद्र सरकार की प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे आरके स्वर्णकार को एडीजी सीबीसीआइडी के पद पर तैनात किया गया है।
 इसके साथ ही सीबीसीआइडी के डीजी का अतिरिक्त कार्यभार पीवी रामाशास्त्री को सौंपा गया है। पीवी रामाशास्त्री प्रदेश में डीजी सतर्कता के पद पर तैनात हैं। डीजी सीबीसीआइडी के पद से हटाए गए विश्वजीत महापात्रा को अभी नई तैनाती नहीं मिली है। इसी तरह से एडीजी सीबीसीआइडी के पद पर हटाए गए एसके माथुर को भी अभी नई तैनाती नहीं मिली है। 
ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार ने उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव की तारीख की घोषणा से पहले बड़ी संख्या में तबादले किए थे। डिप्टी एसपी तथा एएसपी के पद पर तैनात पीपीएस अधिकारियों के साथ ही आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया था। प्रदेश में कानपुर तथा वाराणसी में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने के बाद से बड़ी संख्या में वरिष्ठ आइपीएस अधिकारियों के पद में भी फेरबदल किया गया था। 

Ujjwal Jain