उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव के लिए BJP के 7 उम्‍मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया

Summary :

बीजेपी प्रदेश मुख्‍यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार लखनऊ खंड स्‍नातक निर्वाचन क्षेत्र से अवनीश कुमार सिंह तथा लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उमेश द्विवेदी ने लखनऊ में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

उत्‍तर प्रदेश विधान परिषद खंड स्‍नातक और खंड शिक्षक क्षेत्र की कुल 11 सीटों के लिए बीजेपी के सात प्रत्‍याशियों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। एक दिसंबर को होने वाले इन चुनावों में बीजेपी ने 9 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित किए हैं। बीजेपी प्रदेश मुख्‍यालय से जारी विज्ञप्ति के अनुसार लखनऊ खंड स्‍नातक निर्वाचन क्षेत्र से अवनीश कुमार सिंह तथा लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उमेश द्विवेदी ने लखनऊ में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। 
नामांकन से पहले दोनों उम्‍मीदवारों ने जुलूस निकाला जिसमें प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री डाक्‍टर दिनेश शर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्री महेंद्र सिंह, आशुतोष टंडन और बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य, अनूप गुप्‍ता समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। विधान परिषद चुनाव प्रभारी और प्रदेश महामंत्री अमरपाल मौर्य ने बताया कि विधान परिषद के चुनाव में मेरठ खंड स्नातक क्षेत्र से दिनेश कुमार गोयल व शिक्षक क्षेत्र से श्रीचन्द्र शर्मा ने मेरठ में, आगरा में आगरा खंड स्नातक क्षेत्र से मानवेन्द्र प्रताप सिंह तथा शिक्षक क्षेत्र से  दिनेश चन्द्र वशिष्ठ ने वहीं झांसी में विधान परिषद खण्ड स्नातक क्षेत्र से यज्ञदत्त शर्मा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। 
बीजेपी के दो उम्‍मीदवारों बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से डाक्‍टर हरि सिंह ढिल्‍लो और वाराणसी खंड स्‍नातक क्षेत्र से केदार नाथ सिंह ने मंगलवार को ही अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। विधान परिषद की कुल 11 सीटों में बीजेपी ने नौ सीटों पर अपने उम्‍मीदवार घोषित किये हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 12 नवंबर है। 

Desk Team