उन्नाव में 9 वर्षीय बच्ची रेप के बाद हत्या, प्रियंका ने योगी सरकार पर साधा निशाना

Summary :

प्रियंका ने ट्वीट कर लिखा, यूपी की भाजपा सरकार में बच्चों के साथ अपराध की सबसे ज्यादा घटनाएं घटी हैं। क्या सरकार पर इन घटनाओं का कोई असर नहीं पड़ता?

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के बिहार थानाक्षेत्र में होली के दिन एक नौ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या की कोशिश को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने राज्य की योगी सरकार पर कटाक्ष किया है। उन्होंने कहा कि यूपी की बीजेपी सरकार में बच्चों के साथ अपराध की सबसे ज्यादा घटनाएं घटी हैं।
प्रियंका ने ट्वीट कर लिखा, यूपी की भाजपा सरकार में बच्चों के साथ अपराध की सबसे ज्यादा घटनाएं घटी हैं। क्या सरकार पर इन घटनाओं का कोई असर नहीं पड़ता? नौ साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ और इलाज के दौरान वो नहीं रही। आखिर कब तक ऐसे चलेगा। 
जानकारी के मुताबिक तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची से रेप के बाद आरोपी ने उसका गला दबाकर हत्या करने की कोशिश की। क्षेत्राधिकारी (बीघापुर) अंजनी राय ने बताया कि हैलेट अस्पताल में इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। बच्ची के परिजन ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। 
पुलिस अधीक्षक विक्रांत वीर भारी पुलिसबल, स्वान दस्ते और फोरेंसिक टीम के साथ पहले जिला अस्पताल और फिर घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। 

Desk Team