उत्तर प्रदेश का माफिया डॉन और बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को योगी सरकार ने कड़ी मशकत के बाद आखिरकार यूपी की बांदा जेल पंहुचा दिया है। अंसारी की वापसी के साथ ही प्रदेश सरकार अब अतीक अहमद पर नकेल कसने की तैयारी कर रही है।
उत्तर प्रदेश के संसदीय कार्य राज्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला ने गुरुवार को दावा किया है कि बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को पंजाब से लाने के बाद योगी सरकार अब माफिया एवं पूर्व सांसद अतीक अहमद को गुजरात से उत्तर प्रदेश लाएगी। उन्होंने कहा कि बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को पंजाब सरकार के कथित तमाम तिकड़मों के बावजूद योगी सरकार उत्तर प्रदेश लाने में सफल हो गई है। अंसारी के बाद अब माफिया पूर्व सांसद अतीक अहमद के लिए प्रयास तेज होगा।
उन्होंने कहा ”अतीक अहमद अभी गुजरात की जेल में है। उसका समय भी अब निश्चित रूप से आयेगा। उसने उत्तर प्रदेश के लोगों को परेशान किया है। लोग ऐसे अपराधियों को सजा दिलाना चाहते हैं।” शुक्ला ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसे अपराधियों को प्रदेश में लाकर अदालत के माध्यम से सजा दिलाई जाए।
गौरतलब है कि रंगदारी मांगने के एक मामले में पंजाब की रोपड़ जेल में करीब दो साल से बंद रहे मऊ से बसपा विधायक मुख्तार अंसारी को बुधवार तड़के उत्तर प्रदेश की बांदा जेल लाया गया। पूर्व सांसद अतीक अहमद भी मुख्तार की ही तरह आपराधिक छवि वाले हैं।


Download Android App
Download iOS App



