अखिलेश का योगी सरकार पर वार, कहा- कोरोना चिकित्सकीय नहीं बल्कि ‘आपराधिक’ समस्या होता है प्रतीत

Summary :

उन्होंने कहा कि यूपी में कोरोना वायरस से जुड़ी हजारों प्राथमिकी दर्ज हो रही हैं, जिनसे लगता है कि यह कोई चिकित्सकीय नहीं बल्कि ‘आपराधिक’ समस्या है ।

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश के योगी सरकार पर गुरुवार को जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपी में कोरोना वायरस से जुड़ी हजारों प्राथमिकी दर्ज हो रही हैं, जिनसे लगता है कि यह कोई चिकित्सकीय नहीं बल्कि ‘आपराधिक’ समस्या है । उन्होंने कहा कि क्वारंटाइन सेंटर की बदहाली व उनके प्रति सरकार की भेदभावपूर्ण नीति की वजह से लोग वहां जाने से डर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपाई अपना संकीर्ण चश्मा बदलें।

अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि “यूपी में कोरोना के संबंध में हजारों एफआईआर हो रही हैं, जिससे ऐसा लगने लगा है कि ये कोई चिकित्सीय नहीं बल्कि कोई ‘आपराधिक समस्या’ है। एकांतवास केंद्र की बदहाली व उनके प्रति भाजपा सरकार की भेदभावपूर्ण नीति की वजह से लोग यहां जाने से डर रहे हैं। भाजपाई अपना संकीर्ण चश्मा बदलें।”

उन्होंने एक अन्य ट्वीट में एक तस्वीर भी साझा की जिसमें एक लड़की अपने पिता को साइकिल में बैठाकर लेकर जाती दिख रही है। यह तस्वीर साझा करते हुए अखिलेश ने कहा कि “सरकार से हारकर एक 15 वर्षीय लड़की निकल पड़ी है, अपने घायल पिता को लेकर, सैकड़ों मील के सफर पर, दिल्ली से दरभंगा। आज देश की हर नारी और हम सब उसके साथ हैं। हम उसके साहस का अभिनंदन करते हुए उस तक एक लाख रुपये की मदद पहुंचाएंगे।”

कोविड-19 जांच में 1000 गुना हुई वृद्धि, अब तक 26 लाख से अधिक किए गए टेस्ट : ICMR

Desk Team