यूपी: अखिलेश का रामपुर दौरा ‘खराब मौसम’ के कारण हुआ स्थगित, आजम और अब्दुल्ला के लिए करना था प्रचार

Summary :

अखिलेश यादव का रामपुर सदर सीट से पार्टी के उम्मीदवार आजम खां और स्वार सीट से प्रत्याशी उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के पक्ष में रामपुर जाकर प्रचार करने का कार्यक्रम बुधवार को ‘खराब मौसम’ के कारण स्थगित कर दिया गया।

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार को मतदान होना है, ऐसे में अगले चरण के लिए सभी पार्टियां अपनी तरफ से चुनावी तैयारियां कर रही है। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव का रामपुर सदर सीट से पार्टी के उम्मीदवार आजम खां और स्वार सीट से प्रत्याशी उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के पक्ष में रामपुर जाकर प्रचार करने का कार्यक्रम बुधवार को ‘खराब मौसम’ के कारण स्थगित कर दिया गया। 

सपा ने ट्वीट कर दी जानकारी, अगली तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी 
समाजवादी पार्टी ने एक ट्वीट कर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि अखिलेश का रामपुर में होने वाला कार्यक्रम ‘खराब मौसम’ के कारण स्थगित हो गया है, कार्यक्रम की अगली तारीख की घोषणा जल्द की जाएगी। अखिलेश को बुधवार को रामपुर सदर सीट से पार्टी उम्मीदवार आजम खां और जिले की ही स्वार सीट से प्रत्याशी उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए रामपुर जाना था। रामपुर में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत आगामी 14 फरवरी को मतदान होगा। 
आजम खान पर 100 से अधिक मुकदमे दर्ज 
रामपुर से सपा सांसद आजम खान पर 100 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह इस वक्त जेल में हैं। सपा ने उन्हें रामपुर सदर से अपना उम्मीदवार बनाया है। उच्चतम न्यायालय ने विधानसभा चुनाव के दौरान प्रचार के लिए अंतरिम जमानत देने की आजम की अर्जी पर विचार करने से इनकार कर दिया है। उन्होंने विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अंतरिम जमानत के लिए उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था। आजम के बेटे अब्दुल्ला आजम फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में करीब 23 महीने तक जेल में रहने के बाद हाल ही में जमानत पर रिहा हुए हैं।

Desk Team