UP के औरैया से बोले अखिलेश- तीसरे चरण में तो भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा, CM योगी पर साधा निशाना

Summary :

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि तीसरे चरण में तो भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा।

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि तीसरे चरण में तो भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को ककोर के तिरंगा मैदान में दिबियापुर और औरैया के प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा की। अखिलेश ने ऐलान किया कि हमारी सरकार बनी तो जब तक सरकार रहेगी तब तक मुफ्त अनाज देंगे। 
भाजपा की सरकार पूरी तरह फेल है 

उन्होंने भाजपा सरकार को निशाने पर रखते हुए कहा कि भाजपा की सरकार पूरी तरह फेल है। जिले की प्लास्टिक सिटी को विकसित कर रोजगार के अवसर दिए जायेंगे। जरूरत पड़ी तो उद्यमियों की मदद भी करेंगे। कहा कि दूसरे चरण में जिस तरह का वोट पड़ा है, उनके कार्यकर्ता सुन्न हो गए हैं। तीसरे चरण में तो भाजपा का खाता भी नहीं खुलेगा, शून्य हो जाएगा। 
भाजपा वाले जातियों को लेकर झगड़ा लगा देते हैं 
अखिलेश ने कहा कि पहले और दूसरे चरण के चुनाव के बाद से ही भाजपा के नेताओं की गर्मी निकल गई है। मंत्री के बेटे को जनता की अदालत ने जमानत नहीं दी है, भले ही देश की अदालत ने दे दी है। उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे कि गर्मी निकाल देंगे, उनके समर्थक पहले ही चरण में ठंडे पड़ गए हैं। भाजपा के लोग जाति जनगणना, पिछड़ों की गिनती और दलितों की गिनती इसलिए नहीं कराना चाहते क्योंकि इन वर्गों के लोग सिर्फ कागजों पर पिछड़े हैं। भाजपा वाले जातियों को लेकर झगड़ा लगा देते हैं। 
सपा सरकार बनी तो तीन महीने के अंदर ही जाति जनगणना कराई जाएगी 
सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी सरकार बनी तो तीन महीने के अंदर ही जाति जनगणना कराई जाएगी। इससे आबादी के हिसाब से सबको सबका हक मिल सकेगा। योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनका प्रिय जानवर टक्कर मारकर लोगों की जान ले रहा है। सपा ने तय किया है कि सांड की वजह से यदि किसी की जान गई तो उसके परिवार को पांच लाख रुपए का मुआवजा दिया जाएगा।

Desk Team