आरक्षण ना देना पड़े इसलिए मुनाफे वाली परिसंपत्तियां भी बेच रही है सरकार : अखिलेश यादव

Summary :

अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की सरकार हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई सैर कराने की बात करती है। लेकिन उन्होंने हवाई जहाज से लेकर हवाईअड्डे और बंदरगाह तक बेच दिए।

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने निजीकरण को लेकर सत्तारूढ़ बीजेपी पर हमला बोला। सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी की सरकार हवाई चप्पल पहनने वालों को हवाई सैर कराने की बात करती है। लेकिन उन्होंने हवाई जहाज से लेकर हवाईअड्डे और बंदरगाह तक बेच दिए। अखिलेश ने कहा कि जब से वोट पड़ है, बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता ठंडे पड़ गए हैं।
प्रयागराज से 30 किलोमीटर दूर हंडिया विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी की सरकार देश की मुनाफे वाली परिसंपत्तियां भी बेच रही है ताकि उसे लोगों को ना आरक्षण देना पड़े और ना नौकरी देनी पड़े। ना रहेगा बांस, ना बजेगी बांसुरी।

अगर सपा, बसपा की सरकार होती तो बाज़ार में ब्लैक हो जाती कोविड वैक्सीन : योगी

रोजगार के मुद्दे पर बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले तीन साल से ना तो फौज में और ना ही पुलिस में भर्ती निकाली। नौजवानों का पांच साल इंतजार में कट गया और अब वे और इंतजार नहीं करना चाहते। युवाओं की उम्र बढ़ गई लेकिन भर्ती नहीं निकली। सरकार में बैठे लोगों के मुंह पर ताले लगे हुए हैं। सपा सरकार आएगी तो फौज की भर्ती के लिए यूपी सरकार को जो भी सहयोग करना पड़ेगा हम करेंगे।
जिले का नाम इलाहाबाद से प्रयागराज किए जाने पर तंज करते हुए अखिलेश ने कहा कि नाम बदलने के बाद यह जिला ही बदनाम हुआ है। चाहे वह कुम्भ का घोटाला हो, चाहे नौजवानों पर लाठी चली हो, चाहे यहां के लोगों ने गंगा में बहती हुई लाशों को देखा हो। नाम जरूर बदल दिया, लेकिन सरकार ने बदनामी भी उतनी ही कराई है।

Desk Team