जिले के फेस-2 क्षेत्र के सेक्टर-110 में फोन में ‘ऑनलाइन गेम’ खेलने से मना करने पर 15 वर्षीय एक किशोर ने निर्माणाधीन इमारत से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि थाना फेस-2 क्षेत्र के सेक्टर-110 में रहने वाले 15 वर्षीय कोमल के परिवार वालों ने उसे ‘ऑनलाइन गेम’ खेलने से मना किया और उसका मोबाइल फोन अपने पास रख लिया।
इस बात से कथित तौर पर गुस्साए कोमल ने घर के पास एक निर्माणाधीन सोसायटी से कूदकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस बीच, थाना बिसरख क्षेत्र में एक सोसायटी में रहने वाले उमेश दीक्षित (35) ने कथित तौर पर मानसिक तनाव के चलते बुधवार रात जहर खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना सेक्टर- 49 क्षेत्र के अर्जुन पंडित (22) ने भी कथित तौर पर मानसिक तनाव के चलते आत्महत्या कर ली। जब उसके कमरे से बदबू आई तो, आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों ही मामलों की विस्तृत जांच जारी है।


Download Android App
Download iOS App



