‘सीएए’ विरोधी प्रदर्शन : पश्चिमी उत्तरप्रदेश के 6 जिलों में इंटरनेट बंद

Summary :

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच ऐहतियाती कदम के तौर पर बृहस्पतिवार रात पश्चिमी उत्तरप्रदेश के छह जिलों में इंटरनेट सेवा रोक दी गयी ।

नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शनों के बीच ऐहतियाती कदम के तौर पर बृहस्पतिवार रात पश्चिमी उत्तरप्रदेश के छह जिलों में इंटरनेट सेवा रोक दी गयी । 
मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, शामली में इंटरनेट सेवा रोकी गयी है और शुक्रवार शाम यह बहाल की जाएगी । इन जिलों के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने इस बारे में पीटीआई-भाषा को बताया । 
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि आगरा में शुक्रवार सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी । 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि बुलंदशहर में बृहस्पतिवार को शाम पांच बजे सेवा बंद कर दी गयी और शनिवार सुबह इसे बहाल किया जाएगा। 
बहरहाल, इन जिलों और क्षेत्र में अन्य जगहों पर पुलिस और प्रशासनिक महकमा अलर्ट है ।
 
पुलिस अधिकारियों ने फ्लैग मार्च किया और समुदाय के नेताओं, नागरिकों से संवाद करते हुए नागरिकता कानून और एनआरसी को लेकर आशंकाओं को दूर करने के लिए उनके बीच पैम्पलेट भी बांटे । 
पिछले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हिंसक प्रदर्शन के कारण कम से कम 19 लोगों की मौत हो गयी थी और पुलिसकर्मी सहित कई लोग घायल हो गए थे।

Shera Rajput