अयोध्या दीपोत्सव 2025 : उत्तर प्रदेश सरकार ने रामनगरी में रविवार को अपना पुराना सभी रिकॉर्ड तोड़ दिया। 2017 में सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव का आयोजन कराया और साल दर साल इसे नई ऊंचाइयां दीं। दीपोत्सव ने प्रतिवर्ष नया कीर्तिमान स्थापित किया। योगी सरकार के नौवें और 500 वर्ष बाद मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के अपने महल में विराजमान होने के दूसरे दीपोत्सव में अयोध्या ने फिर से दो नए रिकॉर्ड बनाए। नया कीर्तिमान बनाते हुए दीपोत्सव 2025 में 26,17,215 (26 लाख, 17 हजार 215) दीप प्रज्ज्वलित किए गए। पिछले वर्ष 2024 में प्रभु की नगरी 25,12,585 दीपों से जगमगाई थी। वहीं, दूसरा रिकॉर्ड सरयू मैया की आरती का रहा, जहां इस वर्ष एक साथ 2,128 वेदाचार्यों, अर्चकों व साधकों ने सरयू मैया की आरती की। ड्रोन से की गई दीपों की गणना के उपरांत दीपोत्सव ने नया कीर्तिमान गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया है।
‘राममय’ श्री अयोध्या धाम में आज 26 लाख 17 हजार 215 दीपों की जगमगाती ज्योति ने विश्व-रिकॉर्ड रचते हुए सनातन संस्कृति के अमर तेज को पुनः प्रज्वलित किया है।
‘दीपोत्सव-2025’ श्रद्धा, साधना और संकल्प का वह उत्सव है, जहां 2,128 वेदाचार्यों, अर्चकों और साधकों ने एक साथ माँ सरयू की आरती… pic.twitter.com/eoDfitHkWB
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 19, 2025
अयोध्या ने फिर से दो नए रिकॉर्ड बनाए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अयोध्या के प्रति प्रतिबद्धता ने फिर से रामनगरी को वैश्विक रिकॉर्ड सूची में दर्ज कराया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश सरकार के इस ‘भव्य दीपोत्सव’ को देखा और अंततः एक साथ एक स्थान पर इतनी बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलन को फिर से विश्व कीर्तिमान का दर्जा दिया। कीर्तिमान रचने में योगी सरकार के नेतृत्व में राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, इससे जुड़े महाविद्यालयों, इंटर कॉलेजों के शिक्षकों व छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासन, पर्यटन-संस्कृति, सूचना विभाग समेत सभी ने अहम भूमिका निभाई।
‘राम भक्तों’ की आस्था के केंद्र एवं ‘सूर्यवंश की राजधानी’ श्री अयोध्या धाम आज असंख्य दीपों के निर्मल ज्योति पुंज की अलौकिक आभा से दीप्त है।
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि असंख्य दीपशिखाओं के प्रकाश से संपूर्ण जगत आलोकित हो एवं प्रत्येक हृदय में सुख, शांति व… pic.twitter.com/3slUJb42bL
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 19, 2025
जय श्रीराम के जयघोष से गूंजी अयोध्या
दीप प्रज्ज्वलन का नियत समय शुरू होते ही ‘श्री राम जय राम जय जय राम’ के जयघोष के साथ एक-एक कर 26 लाख 17 हजार 215 दीप जलाए गए। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के प्रतिनिधियों द्वारा कीर्तिमान रचने की घोषणा के साथ ही पूरी अयोध्या ‘जय श्री राम’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठी। पर्यटन-संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह व प्रमुख सचिव (पर्यटन-संस्कृति) अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को प्रमाण पत्र सौंपा। योगी आदित्यनाथ ने दोनों प्रमाण पत्र ऊपर उठाकर सभी का अभिवादन करते हुए प्रसन्नता जाहिर की। अयोध्या से गोरक्षपीठ के प्रगाढ़ रिश्तों को मूर्त रूप देते हुए मुख्यमंत्री ने 2017 से दीपोत्सव का आयोजन अनवरत जारी रखा। इस नौवें संस्करण में सबसे अधिक दीप प्रज्ज्वलन का रिकॉर्ड कायम किया गया।


Download Android App
Download iOS App



