घोसी से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद राजीव राय ने कहा है कि घोसी लोकसभा क्षेत्र में शामिल बलिया जिले के रसड़ा में हो रहे विकास कार्यों में लापरवाही बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि मऊ के अधिकारियों को वह समय-समय पर दिशा निर्देश देते रहते हैं, लेकिन बलिया के अधिकारी बेलगाम हैं।
सपा सांसद राजीव राय ने शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जो हमारे लोकसभा का हिस्सा है, उसके विकास कार्यों में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोई विलंब और भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधिकारियों व पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बुलाया है। जो सड़कें हमने पास करवाई हैं, उसे यथाशीघ्र पूरा करने के लिए कहा है। अस्पताल की बहुत सारी शिकायत आती है। उसके लिए डीएम से बातचीत की गई है। मेरी जन्मभूमि बलिया है, उसके लिए जो हो सकेगा, उसे करूंगा। उन्होंने यह भी कहा कि विकास कार्यों की समीक्षा होगी।
मणिपुर हिंसा को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बैठक पर उन्होंने कहा कि दो साल से हिंसा हो रही थी। दो साल तक एक संवेदनशील व्यक्ति को राज्य सरकार का मुखिया बनाकर रखा गया। अभी तक क्यों कोई एक्शन नहीं लिया गया था। इस मामले को लेकर विपक्ष चिल्लाता रहा, लेकिन कुछ नहीं हुआ। अभी बजट के दौरान भी मणिपुर का जिक्र तक नहीं हुआ। क्या मणिपुर हमारे देश में नहीं है?
सपा सांसद ने चमोली घटना को लेकर कहा कि सरकार को गंभीर होना चाहिए। डेंजर जोन जितने भी हैं, उसकी वैज्ञानिक ढंग से जांच कर सुरक्षा की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। जहां आशंका बनी रहती है, वहां पर व्यवस्था हो कि दुर्घटना में राहत सामग्री पहुंच सके। लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा सके। घटना का पूर्ण विवरण आए तो आगे कुछ कहा जाए, क्योंकि भूस्खलन प्राकृतिक आपदा है। जिन लोगों को क्षति पहुंची है, नुकसान हुआ है। सरकार को इसका आकलन करना चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



