उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बीजेपी नेता पर नौकरी के नाम पर पौने दो लाख रुपए की रिश्वत लेने के आरोप में मामला दर्ज हुआ है। एक महिला द्वारा बीच रोड पर चप्पल से पीटे जाने का वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले का खुलासा हुआ। मामले में लोनी कटरा पुलिस ने बीजेपी नेता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोनी कटरा के थाना प्रभारी नेशुक्रवार को बताया कि लोनी कटरा थाना क्षेत्र के रुक्नापुर निवासी महिला पियारा देवी की तहरीर पर त्रिवेदीगंज मंडल के बीजेपी अध्यक्ष उत्तम वर्मा के खिलाफ भादंवि की धारा 323 (जानबूझकर स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 406 (विश्वास का आपराधिक हनन) 504 (जानबूझकर अपमानित करना) और 506 (धमकी देना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस सिलसिले में बीजेपी बाराबंकी के जिला अध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने न्यूज़ एजेंसी ‘पीटीआई-भाषा’ को शुक्रवार को बताया कि मंडल अध्यक्ष उत्तम वर्मा से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनका पक्ष जानने के बाद उचित कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में महिला बीच सड़क पर मोटरसाइकिल पर सवार बीजेपी नेता को रोककर अपने रुपये मांगती नजर आ रही है। जानकारी के मुताबिक बेटे की नौकरी न लगने पर बुधवार को महिला ने लोनी कटरा थाना इलाके के भिलवल चौराहे पर बीजेपी नेता को रोककर अपने रुपये मांगे और नेता का गिरेबान भी पकड़ लिया।
उत्तम वर्मा बाराबंकी जिले के त्रिवेदीगंज मंडल के बीजेपी अध्यक्ष हैं। महिला का आरोप है कि उसके बेटे मुकेश को स्कूल में नौकरी दिलाने के नाम पर मंडल अध्यक्ष उत्तम वर्मा ने करीब दो वर्ष पहले उससे पौने दो लाख रुपये लिए थे। महिला ने थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि बुधवार को भिलवल चौराहे पर वह अपना रुपया मांगने गई तो उत्तम ने रुपया देने की बजाय उसे गाली देते हुए थप्पड़ मारा और अभद्रता की।
घटना के संदर्भ में बीजेपी मंडल अध्यक्ष उत्तम वर्मा का कहना है कि यह राजनीतिक द्वेष में किया गया षड्यंत्र है। उत्तम ने कहा कि बुधवार को वह हैदरगढ़ एक कार्यक्रम में जा रहे थे तभी भिलवल चौराहे के समीप कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और गाली गलौज करने लगे। उन्होंने कहा कि इस दौरान वह गिर गए और किसी तरह जान बचाकर भागे और लोनी कटरा थाने में पहुंचकर अपनी तहरीर दी।
हालांकि लोनीकटरा पुलिस ने बीजेपी अध्यक्ष की तहरीर पर कोई मामला दर्ज नहीं किया है। इस मामले में बीजेपी उत्तर प्रदेश के प्रवक्ता हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव ने शुक्रवार को कहा, “इस तरह के जो आरोप हैं, उसकी सच्चाई और तथ्यों की जानकारी मिलने के बाद जिला संगठन उचित कार्रवाई करेगा। अगर महिला के आरोपों में सत्यता पाई जाएगी तो निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।”


Download Android App
Download iOS App



