उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक प्राइवेट स्कूल में तीसरी क्लास में पढ़ने वाले 8 साल का छात्र अंशू की सांप के काटने से मौत हो गई। इस घटना की खबर लगते ही परिवार और स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। खबर है कि बच्चे ने स्कूल में टीचरों को पहले ही सांप के काटने के बारे में बता दिया था, लेकिन उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया और कोई कार्रवाई नहीं की गई।
आरोप है कि समय पर इलाज नहीं मिलने से अंशू की हालत बिगड़ती चली गई, जिससे उसकी मौत हो गई। अब इस परिवार के सदस्यों ने इस घटना को लेकर स्कूल प्रशासन के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
इस घटना को लेकर मृतक अंशू के माता-पिता का कहना है कि स्कूल स्टाफ ने बच्चे को अस्पताल नहीं पहुंचाया और उसे स्कूल में ही कई घंटों तक बैठाए रखा। कुछ देर बाद स्कूल की तरफ से परिवार को सिर्फ यह जानकारी दी गई कि बच्चा अचानक बीमार हो गया है उसकी तबियत खराब हो गई है। खबर लगते ही जब परिजन स्कूल पहुंचे तो बच्चे को देखते ही घबरा गए और वे आनन-फानन में उसे अस्पताल ले गए, तब तक उसकी स्थिति काफी गंभीर और चिंताजनक बन चुकी थी। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने अंशू को मृत बता दिया। इस खबर को सुनते ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने क्या कहा?
परिजनों ने बेटे अंशू की मौत का पूरा ठिकड़ा स्कूल प्रशासन पर फोड़ा है। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पडताल शुरू कर दी। पुलिस ने बताया है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर इस घटना की जांच शुरू कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की क़ानूनी कार्रवाई होगी। फिलहाल इस घटना ने आसपास के लोगों और परिजनों को सदमे में डाल दिया है।
यह भी पढ़ें – लखनऊ के होटल में 16 वर्षीय लड़की से 70 साल के बुजुर्ग ने किया दुष्कर्म, 3 दिन तक बनाया बंधक, 5 आरोपी गिरफ्तार


Download Android App
Download iOS App




