पंजाब यूनिवर्सिटी की PhD छात्रा की करंट लगने से मौत, भड़के छात्रों ने किया प्रदर्शन

Summary :

चंडीगढ़ के पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) कैंपस में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां माइक्रोबायोलॉजी की पीएचडी स्कॉलर छात्रा ज्योति की जलभराव वाले फुटपाथ पर खुले तार से करंट लगने से मौत हो गई।

चंडीगढ़ के पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) कैंपस में मंगलवार को जलभराव होने से एक दर्दनाक हादसा हो गया। यूनिवर्सिटी में माइक्रोबायोलॉजी की PhD स्कॉलर छात्रा ज्योति पानी से भरे हुए रास्ते से जा रही थी, तभी अचानक फुटपाथ पर उसे करंट का झटका लगा और उसकी मौत हो गई। वह पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रह रही थी। जानकारी के मुताबिक, ज्योति का शव सड़क किनारे एक खंभे के पास मिला।

फुटपाथ पर पड़े खुले तार से लगा करंट

जानकारी के अनुसार, ज्योति माइक्रोबायोलॉजी की स्टूडेंट थी। वह हेंद्रगढ़ की रहने वाली थी और पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रही थी। वह हॉस्टल नंबर 8 से होते हुए हॉस्टल नंबर 10 की तरफ जा रही थी। वह जैसे ही फुटपाथ से गुजर रही थी, तभी वहां खुले या कटे तार की चपेट में आने से उसे करंट लगा। करंट लगने से वह जमीन पर गिर पड़ी। वहां आस-पास मौजूद लोगों ने जब उसे बेसुध पड़े हुए देखा, तो उसको संभालते हुए चंडीगढ़ के सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आक्रोशित छात्रों ने किया प्रदर्शन

इस घटना की खबर जैसे ही पूरे कैंपस में फैली, छात्रों में आक्रोश पैदा हो गया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने यूनिवर्सिटी के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ऑफिस के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। छात्र जब दफ्तर पहुंचे, तो वहां कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं था। छात्रों का आरोप है कि पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, इसके बावजूद प्रशासन की तरफ से सुरक्षा को लेकर कड़े इंतजाम नहीं किए गए।

VC के इस्तीफे की मांग

प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर (VC) के इस्तीफे की मांग की है। कैंपस में छात्रों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए भारी पुलिस की तैनाती की गई।

Also Read: Aligarh: पहले प्रेमी की हत्या, दिनभर बेड के नीचे छिपाकर रखी लाश; सबूत मिटाने के लिए घर की जमीन लीप दी; 3 महीने बाद खुला राज

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।