मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को विपक्ष पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था एक चुनौती थी जहां लगातार दंगों के कारण अराजकता का माहौल था। वह कानपुर देहात के अकबरपुर में लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से उप्र विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की।
अब दंगे नहीं होते , बमबाजी नहीं होती
योगी ने कहा, ‘‘पहले बाजारों में बमबाजी होती थी और बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी, लेकिन 2017 के बाद प्रदेश की कानून व्यवस्था नजीर बन गई है। अब दंगे नहीं होते हैं, बमबाजी नहीं होती है। कांवड़ यात्रा निकलती है। कांवड़ यात्री हर-हर-बम-बम के नारे लगाते हुए चलते हैं।’’मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में निवेश की संभावनाएं बेहतर हुई हैं और युवाओं को रोजगार मिल रहा है तथा परंपरागत उद्योग को बढ़ावा मिला है।
भारत माता का जयघोष करेगा
योगी ने कहा, ‘‘पिछली सरकार कानपुर में तमंचे की फैक्टरी लगवाती थी। उनका नाम समाजवादी, काम तमंचावादी और सोच परिवारवादी थी। हमारी सरकार में रक्षा कॉरिडोर बन रहा है। अब कानपुर का नौजवान यहां बनी तोप पर बैठकर दुश्मन की सीमाओं में घुसेगा और भारत माता का जयघोष करेगा।’’
लोगों को राशन की ‘डबल डोज’
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों ने कोरोना रोधी टीके को ‘मोदी वैक्सीन’ बताकर इसके खिलाफ दुष्प्रचार किया। उन्होंने कहा कि जो संकट का साथी होता है, वही सच्चा हितैषी है और जो संकट में साथ न दे वह अवसरवादी होता है। योगी ने लोगों से अपील की कि अब ‘वोट की चोट’ से करारा जवाब देने का वक्त है। उन्होंने कहा कि ‘डबल इंजन’ की सरकार में लोगों को राशन की ‘डबल डोज’ मिल रही है और बिजली भी मिल रही है।


Download Android App
Download iOS App



