मुफ्त राशन के बदले पूर्व मंत्री ने लोगों से मांगे वोट, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ Video

Summary :

आगरा से पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता राजा अरिदमन सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोगों से मुफ्त राशन के बदले वोट की मांग कर रहे हैं।

कोरोना काल में उत्तर प्रदेश की योगी सरकार गरीबों को मुफ्त में राशन का वितरण कर रही है। जनप्रतिनिधि कर बात खुद जनता के बीच जाकर राशन बांट रहे है। ऐसे में आगरा से पूर्व मंत्री और बीजेपी नेता राजा अरिदमन सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह लोगों से मुफ्त राशन के बदले वोट की मांग कर रहे हैं।  
दरअसल, बीते दिनों पूर्व मंत्री ने यूपी सरकार के राज्यव्यापी मुफ्त राशन वितरण अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने राशन कार्ड धारकों से बातचीत करते हुए कहा कि अगर गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है, तो उनका वोट भी सरकार को जाना चाहिए। यह योजना किसी विशेष जाति के लिए नहीं है। उन्हें महिलाओं से यह कहते हुए भी सुना जाता है कि वे अपने परिजनों को बीजेपी को वोट देने के लिए कहें। 


बयान पर BJP नेता की सफाई 

वीडियो सामने आने के बाद बीजेपी नेता ने अपने पक्ष में सफाई देते हुए कहा कि अगर सरकार गरीबों को मुफ्त राशन दे रही है, तो उन्हें अपना वोट सरकार को देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उन्होंने लोगों को योजना के बारे में जागरूक करने के लिए नमक और दाल के पैकेट पर छपे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें भी दिखाईं।
वीडियो सामने आने के बाद BJP पर हमलवार हुई कांग्रेस 
राजा अरिदमन सिंह के इस वीडियो को लपकते हुए कांग्रेस ने बीजेपी पर हमला बोला। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि वीडियो इस बात का सबूत है कि सत्ताधारी बीजेपी किस तरह से वोट खरीदने के लिए सरकारी पैसे का इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा कि वो वोट पाने के लिए मुफ्त में मतदाताओं को लुभा रहा है। चुनाव आयोग को इस मामले को देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी सरकार को वास्तव में लोगों के कल्याण की चिंता है तो उसे युवाओं को रोजगार देना चाहिए, महंगाई पर नियंत्रण करना चाहिए और पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने चाहिए।
देश में कोविड की दूसरी लहर आने के बाद पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत अप्रैल से नवंबर 2021 तक गरीबों को मुफ्त राशन वितरित किया गया। इस योजना को अब अगले साल मार्च तक बढ़ा दिया गया है। इस योजना के तहत यूपी में 15 करोड़ से अधिक राशन कार्ड धारकों को लाभ मिलेगा। 

Desk Team